देवप्रयाग संस्कृत विवि में छात्राओं से अश्लील हरकत: आरोपी शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो में मुकदमा दर्ज, निलंबित
देवप्रयाग (पौड़ी गढ़वाल)। केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय (देवप्रयाग) के श्री रघुनाथ कीर्ति परिसर से एक शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। परिसर में तैनात एक शिक्षक पर एक नाबालिग और एक बालिग छात्रा के साथ कथित अश्लील हरकत और छेड़खानी (‘बैड टच’) करने का गंभीर आरोप लगा है। मामला संज्ञान में आने के बाद विश्वविद्यालय के संस्थान प्रभारी (निदेशक) की ओर से थाना बाहबाजार में नामजद लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी शिक्षक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं सहित पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।
मामला प्रभावित न हो इसलिए शिक्षक तत्काल निलंबित; गेस्ट हाउस में किया गया शिफ्ट
थाना बाहबाजार के प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह और जांच अधिकारी एसएसआई अनीता नेगी ने बताया कि घटना 22 अगस्त की है। संस्थान स्तर पर आंतरिक जांच प्रक्रिया चलने के कारण पुलिस को 21 सितंबर को लिखित शिकायत प्राप्त हुई। पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों के तहत विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उधर, विश्वविद्यालय के संस्थान निदेशक पीबीवी सुब्रमण्यम ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आरोपी शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने और परिसर का माहौल शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए शिक्षक को परिसर से हटाकर गेस्ट हाउस स्थानांतरित कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस और विवि प्रशासन दोनों स्तरों पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

