अस्पताल से बिना बताए निकली नेपाली मूल की गर्भवती, ज्योतिर्मठ में पैदल मार्ग पर दिया बच्चे को जन्म; जच्चा-बच्चा सुरक्षित
चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले के ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां प्रसव पीड़ा के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची नेपाली मूल की एक गर्भवती महिला अचानक अस्पताल से बिना बताए बाहर निकल गई और उसने नृसिंह मंदिर पैदल मार्ग पर खुले आसमान के नीचे एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया, हालांकि मौके पर पहुंची टीम ने दोनों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचा लिया है।
अस्पताल में जांच रिपोर्ट न मिलने पर बाहर निकल गई थी महिला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नेपाली मूल की विजय लक्ष्मी गुरुवार सुबह प्रसव के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योतिर्मठ पहुंची थीं, जहां डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत भर्ती कर लिया था। जांच के दौरान डॉक्टरों ने जब उनसे पूर्व की चिकित्सकीय रिपोर्ट मांगी तो वह उपलब्ध नहीं हो सकीं। अस्पताल अधीक्षक डॉ. गौतम कुमार के मुताबिक, पूछताछ में महिला ने बताया कि वह चार दिन पहले ही नेपाल से ज्योतिर्मठ आई थी।
अस्पताल में उस वक्त एक अन्य महिला का प्रसव चल रहा था। इसके बाद विजय लक्ष्मी का नंबर था, लेकिन उससे पहले ही वह बिना किसी को बताए चुपचाप अस्पताल से बाहर निकल गईं। जब स्टाफ ने महिला को गायब पाया तो उनके होश उड़ गए और आनन-फानन में जोशीमठ थाने को इसकी सूचना देकर उसकी तलाश शुरू की गई।
पैदल मार्ग पर हुआ प्रसव, स्वास्थ्य विभाग ने संभाली स्थिति
इसी बीच स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य केंद्र को सूचना दी कि नृसिंह मंदिर के पैदल मार्ग पर एक महिला को प्रसव पीड़ा हुई है। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास पैदल मार्ग पर ही महिला ने बच्चे को जन्म दे दिया था। स्वास्थ्य कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए जच्चा और नवजात शिशु को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में दोनों का उपचार किया जा रहा है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, मां और नवजात दोनों पूरी तरह स्वस्थ और खतरे से बाहर हैं।

