5 साल की मासूम से दुष्कर्म के मामले में एक महीने बाद खुलासा; चॉकलेट का झांसा देकर दरिंदगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

खबर शेयर करें -
हरिद्वार। जनपद की पिरान कलियर कोतवाली पुलिस ने पांच साल की मासूम बच्ची के साथ हुए जघन्य दुष्कर्म के मामले का सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार होकर दिल्ली भाग गया था, जिसे पुलिस ने एक महीने की लंबी मशक्कत और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आखिरकार धर दबोचा। आरोपी ने चॉकलेट दिलाने का लालच देकर बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाया था। पुलिस ने पीड़िता की मदद से स्केच तैयार करवाकर और 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों को खंगालकर इस अंधे कत्ल जैसी गुत्थी को सुलझाया है।

चॉकलेट का लालच देकर खंडहर में ले गया था दरिंदा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 7 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के मोतीचूर बहराइच निवासी एक व्यक्ति ने पिरान कलियर कोतवाली में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि 6 अक्टूबर को किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी 5 वर्षीय नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म किया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह ने पिरान कलियर के प्रभारी निरीक्षक मनोहर भंडारी के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया था। पुलिस ने मामले की तह तक जाने के लिए युद्ध स्तर पर जांच शुरू की।

250 से अधिक सीसीटीवी कैमरे और स्केच की मदद से दबोचा गया आरोपी

जांच के दौरान पुलिस टीम ने बाजार और आसपास लगे लगभग 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही, पीड़िता बच्ची द्वारा बताए गए हुलिया के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध का एक स्केच तैयार कराया।
लगभग एक महीने की कड़ी मेहनत के बाद पुलिस टीम ने अब्दाल साहब रोड से इमलीखेड़ा की ओर जाने वाले मार्ग पर कलियर से करीब दो किलोमीटर आगे एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी मूल रूप से पुराना रामपुर रोड, शाहबाद (जिला रामपुर, उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है और हाल ही में कलियर स्थित हज कमेटी के पास झुग्गी-झोपड़ी में रह रहा था।

बच्ची के बेहोश होने पर छोड़कर भागा था आरोपी, डर से दिल्ली हुआ था फरार

एसपी देहात अभय सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने एक महीने पहले कलियर टीन शेड के पास अकेली बच्ची को देखकर उसे चॉकलेट और खाने-पीने की चीज़ दिलाने का लालच दिया।
इसके बाद वह उसे बहला-फुसलाकर कलियर के एक सूने खंडहर में ले गया, जहां उसने अपनी घिनौनी करतूत को अंजाम दिया। वारदात के दौरान जब बच्ची बेहोश हो गई, तो आरोपी उसे उठाकर एक गमछे पर लेटाकर मौके से फरार हो गया। पकड़े जाने के डर से उसने अगली ही सुबह अपनी झुग्गी भी हटा दी और दिल्ली भाग गया था।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें 👉  बदरीनाथ हाईवे पर लामबगड़ के पास पिकअप और कार में आमने-सामने जोरदार भिड़ंत; 8 लोग घायल, 4 जोशीमठ रेफर
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  पिथौरागढ़: देवभूमि में फिर डोली धरती; 3.5 तीव्रता के भूकंप से सहमे लोग, रिक्टर स्केल पर नेकल धुरा रहा केंद्र बिंदु