महिला जज से रैपिडो कार चालक ने की छेड़छाड़ और अपहरण का प्रयास; दोगुने किराये के विरोध पर सुनसान रास्ते ले जाकर दी धमकी, आरोपी गिरफ्तार

खबर शेयर करें -
देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक बेहद संवेदनशील और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां डालनवाला क्षेत्र में एक महिला जज ने रैपिडो कार चालक पर छेड़छाड़, अपहरण का प्रयास और गंभीर धाराओं में धमकी देने का आरोप लगाया है। आरोपी चालक ने तय किराये से दोगुना पैसा मांगने और विरोध करने पर महिला जज को सुनसान रास्ते पर ले जाकर डराने-धमकाने का कुप्रयास किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है।

जजेज कॉलोनी से बुक की थी रैपिडो कार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना गत 21 अक्टूबर की शाम की है। महिला जज ने बलबीर रोड स्थित जजेज कॉलोनी से मालदेवता के पास सौड़ा सरोली जाने के लिए एक रैपिडो कार बुक की थी। सफर के दौरान चालक ने नियत रास्ते से गाड़ी भटका दी और उन्हें एक सुनसान जगह पर ले गया।
आरोप है कि करीब नौ किलोमीटर की इस यात्रा के नाम पर चालक ने तय किराये से दोगुने पैसों की मांग शुरू कर दी। जब महिला जज ने इस अवैध वसूली और रास्ते बदलने का विरोध किया, तो चालक ने न केवल उनके साथ अभद्रता की, बल्कि पुलिस विभाग में अपनी ऊंची पहुंच का हवाला देकर उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।

जजेज कॉलोनी के गेट पर पहुंचकर किया हंगामा

पीड़ित महिला जज के अनुसार, किसी तरह वहां से निकलने के बाद आरोपी चालक की दुस्साहसिक हरकतें यहीं नहीं रुकीं। वह बाद में जजेज कॉलोनी के मुख्य गेट तक पहुंच गया और वहाँ भी जमकर हंगामा किया। इतना ही नहीं, उसने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड को भी डराया-धमकाया। इस पूरी घटना के बाद महिला जज ने अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंका जताई और पुलिस से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

डालनवाला पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, आरोपी हिरासत में

मामले की गंभीरता को देखते हुए डालनवाला थाना पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। पुलिस ने महिला जज की शिकायत के आधार पर आरोपी रैपिडो चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है ताकि उसके अन्य आपराधिक इतिहास या संलिप्तता का भी पता लगाया जा सके।
यह भी पढ़ें 👉  इंसानियत शर्मसार; कूड़े के ढेर में मिली सात दिन की नवजात, तो पोस्ट ऑफिस के पास लावारिस मिली एक साल की बच्ची
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  तहबाजारी के नाम पर व्यापारियों से बदसलूकी पर महापौर बाली का बड़ा एक्शन, ठेका निरस्त