रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)। उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के प्रतापपुर क्षेत्र में बीते 17 अगस्त को धान के खेत में मिली एक स्विफ्ट डिजायर कार में युवक की संदिग्ध मौत का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। जिस घटना को पहले एक सामान्य सड़क दुर्घटना माना जा रहा था, वह दरअसल अवैध संबंधों के चलते रची गई एक खौफनाक हत्या की साजिश निकली। पुलिस ने मामले की तहकीकात करते हुए मृतक की पत्नी निशा और दो नाबालिग किशोरों को गिरफ्तार कर लिया है।
पोस्टमार्टम में ‘गनशॉट इंजरी’ मिलने पर गहराया शक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 अगस्त को प्रतापपुर क्षेत्र में एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में खड़ी मिली थी, जिसके भीतर ग्राम बाजावाला (डकिया नंबर-1, कुंडेश्वरी) निवासी संजीव कुमार (पुत्र सोमल सिंह) का खून से लथपथ शव बरामद हुआ था। शुरुआती तौर पर इसे सड़क हादसा माना जा रहा था, लेकिन डॉक्टरों के पैनल द्वारा किए गए पोस्टमार्टम में शव पर गोली लगने (Gunshot Injury) की पुष्टि हुई। इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने जब मृतक की पत्नी निशा से पूछताछ की, तो उसके बयानों में लगातार विरोधाभास पाया गया, जिससे पुलिस का शक गहरा गया।
टेंट की दुकान पर काम करने वाले किशोर से था प्रेम प्रसंग, जन्मदिन पार्टी के बहाने मारी गोली
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मृतक संजीव कुमार की रामनगर के ग्राम थारी में टेंट की दुकान थी, जहाँ दोनों आरोपी किशोर काम करते थे। जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी निशा का उनमें से एक किशोर के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी के चलते दोनों ने संजीव को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। 17 अगस्त को जन्मदिन की पार्टी मनाने के बहाने सभी लोग कार में सवार होकर निकले। कार संजीव चला रहा था, तभी पीछे बैठे किशोर ने तमंचे से सटाकर उसके सिर पर गोली मार दी। घटना के बाद आरोपी कार को सुनसान खेत में छोड़कर फरार हो गए और इसे दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की।
आरोपी पत्नी गिरफ्तार, हत्या में इस्तेमाल तमंचा व कारतूस बरामद
पुलिस की कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया तमंचा, खोखा और जिंदा कारतूस भी बरामद कर लिया है। एसएसपी अजय गणपति ने 48 घंटे के भीतर इस पेचीदे हत्याकांड का खुलासा करने वाली पुलिस टीम के सराहनीय कार्य की पीठ थपथपाई और उन्हें पुरस्कृत करने की बात कही। पुलिस फिलहाल आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

