काशीपुर। आईटीआई कोतवाली क्षेत्र स्थित शिवलालपुर अमरझंडा के जंगलवाला बालाजी मंदिर (शिवलालपुर धाम) में तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक के दौरान 6 वर्षीय मासूम अर्पित यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बच्चा संभल (उत्तर प्रदेश) का निवासी था और उसकी दादी उसे दौरे पड़ने की बीमारी के इलाज के लिए धाम लेकर आई थीं। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने धाम पहुंचकर महंत सत्यवीर सिंह और उनके दो सेवादारों के साथ जमकर मारपीट की और उन्हें जबरन अपने साथ ले गए। इस घटना से धाम परिसर में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
सीसीटीवी तोड़े, चंदौसी में महंत को किया पुलिस के हवाले
परिजनों का आरोप है कि कथित तंत्र-मंत्र की प्रक्रिया के दौरान बच्चे की तबीयत बिगड़ी, जिससे उसकी जान चली गई। मासूम की मौत से गुस्साए पिता और रिश्तेदारों ने धाम पहुंचकर जमकर हंगामा किया। धाम के सेवादारों का दावा है कि हमलावर लाठी-डंडों से लैस होकर गाड़ियों में आए थे, जिन्होंने मुख्य गेट के शीशे और सीसीटीवी (CCTV) मॉनिटर तोड़ दिए। परिजन महंत व सेवादारों को जबरन वाहन में बैठाकर ले गए, जहां चंदौसी अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा बच्चे को मृत घोषित करने के बाद उन्होंने महंत को पुलिस के हवाले कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विसरा जांच का इंतजार
आईटीआई कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मोहन चंद्र पांडे ने बताया कि पुलिस ने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराकर विसरा सुरक्षित रख लिया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके। पुलिस के अनुसार, धाम में हर मंगलवार को दरबार लगाकर बीमारियों और ऊपरी बाधाओं के इलाज का दावा किया जाता था। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच कर रही है और लिखित तहरीर व जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

