
राजू अनेजा,गदरपुर। कोतवाली क्षेत्र में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजन शव को दफनाने की तैयारी कर रहे थे, तभी किसी ने पुलिस को युवती की मौत संदिग्ध होने की सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 11 निवासी एक व्यक्ति की बेटी की रविवार शाम अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजनों का कहना है कि युवती के पेट में तेज दर्द और लगातार उल्टियां होने लगी थीं। हालत गंभीर होने पर उसे उपचार के लिए चिकित्सक के पास ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
युवती की मौत के बाद परिवार अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुट गया था। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी कि युवती की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। सूचना मिलते ही एसआई संजय बोरा और एसआई मेघा शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। युवती की मौत बीमारी, विषाक्त पदार्थ या किसी अन्य कारण से हुई है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
मौत के कारणों पर बना रहस्य
युवती की अचानक तबीयत बिगड़ने और फिर मौत होने की घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और तभी मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

