
देहरादून: राजधानी देहरादून के आईएसबीटी (ISBT) क्षेत्र में एक शर्मनाक मामला सामने आया है। यहाँ एक युवती का नहाते हुए मोबाइल से वीडियो बनाते हुए एक युवक को रंगेहाथ दबोचा गया है। घटना से गुस्साए आसपास के लोगों ने आरोपी की जमकर धुनाई कर दी और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
बाथरूम की खिड़की से बना रहा था वीडियो
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, पीड़ित युवती के भाई ने बताया कि 28 जून की रात को उसकी बहन बाथरूम में नहा रही थी। इसी दौरान पड़ोस में ही रहने वाला आरोपी आदिल चुपके से युवती को देख रहा था और अपने मोबाइल फोन से उसका वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था। तभी स्थानीय लोगों और परिजनों की नजर उस पर पड़ गई। लोगों को अपनी तरफ आता देख आरोपी सकपका गया और उसने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद लोगों ने उसे रंगेहाथ दबोच लिया।
बिजनौर का रहने वाला है आरोपी
घटना की सूचना तुरंत आईएसबीटी पुलिस चौकी को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। पटेलनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विनोद गुसांई ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार किया गया आरोपी आदिल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर का रहने वाला है। वह वर्तमान में इसी क्षेत्र में रहता है और यहाँ उसकी एक टेलर (दर्जी) की दुकान है, जहाँ वह काम करता है।
मोबाइल फोन किया गया सील: पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी आदिल को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आगे की जांच एक महिला दरोगा को सौंपी गई है। इसके साथ ही आरोपी के मोबाइल फोन को साक्ष्य के तौर पर सील कर दिया गया है, जिसे फॉरेंसिक परीक्षण के लिए भेजा गया है ताकि डिलीट किए गए डेटा या वीडियो की जांच की जा सके।

