प्रेमी के परिवार ने युवती को किया आग के हवाले, इलाज के दौरान मौत

खबर शेयर करें -

रायपुर: छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में प्रेमी के परिजनों द्वारा कथित तौर पर जलाई गई युवती की अस्पताल में रविवार देर शाम मौत हो गई. रायपुर जिले के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कोलहा गांव में 20 वर्षीय युवती को उसके प्रेमी के परिजनों ने आग लगाकर मारने की कोशिश की थी. अस्पताल में रविवार देर शाम युवती की मौत हो गई है.

अधिकारियों ने बताया कि गांव के निवासी लल्लू सतनामी :25 वर्ष: और युवती के बीच प्रेम संबंध थे.  लल्लू के बुलाने पर युवती उसके घर गई. लल्लू घर पर नहीं था. उसके परिजनों की युवती से कहासुनी हुई और उन्होंने उस पर मिट्टी तेल डालकर आग लगा दी. युवती गंभीर रूप से झुलस गई. उन्होंने बताया कि घटना के बाद युवती को अस्पताल पहुंचाया गया और बाद में उसे रायपुर भेज दिया गया. सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि युवती के भाई की शिकायत पर पुलिस ने लल्लू के पिता जलाल सतनामी :55 वर्ष:, उसकी मां दुकलहा बाई :50 वर्ष:, लल्लू की भाभी नैनी बाई :22 वर्ष: के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया. उन्होंने बताया कि पुलिस ने महिला आरोपियों को रविवार शाम गिरफ्तार कर लिया था.

वहीं जलाल सतनामी फरार है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभी तक मिली जानकारी के अनुसार लल्लू के परिजन उसके और युवती के मध्य प्रेम के खिलाफ थे. ऐसा प्रतीत हो रहा है कि यह विवाद ही घटना का कारण है. अधिकारियों ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है.