
राजू अनेजा,काशीपुर। स्टेशन रोड स्थित आरओबी पर हाइट बैरियर लगाए जाने के विरोध में गुरुवार को व्यापारियों का गुस्सा चरम पर पहुंच गया। सर्विस रोड की संकरी हालत और कारोबार पर पड़ रहे सीधे असर को लेकर आक्रोशित व्यापारियों ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया और महापौर दीपक बाली को मौके पर बुलाकर अपनी व्यथा खुलकर रखी।
व्यापारियों का कहना है कि आरओबी के आसपास सर्विस रोड बेहद कम चौड़ी है, जिससे बड़े वाहनों की आवाजाही संभव नहीं हो पाती। इससे न केवल आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है, बल्कि ग्राहकों का दुकानों तक पहुंचना भी मुश्किल हो गया है। सड़क किनारे वाहन खड़ा करने पर पुलिस द्वारा चालान किए जाने से ग्राहक दुकानों से दूरी बना रहे हैं, जिससे व्यापार लगातार प्रभावित हो रहा है।
व्यापारियों ने सवाल उठाया कि जब पुल पर बड़े वाहन नहीं चल सकेंगे तो फिर आरओबी निर्माण का औचित्य ही क्या रह जाता है। उन्होंने मांग की कि हाइट बैरियर लगाने के बजाय पुल पर डंपरों की आवाजाही पर तत्काल रोक लगाई जाए, क्योंकि भारी वाहन ही हादसों की सबसे बड़ी वजह बन रहे हैं।
उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रभात साहनी के नेतृत्व में स्टेशन रोड के दुकानदारों ने महापौर दीपक बाली को अपने बीच बुलाया। एनएच विभाग के अभियंता से संपर्क न हो पाने पर महापौर ने हाइट बैरियर लगाने का कार्य कर रहे ठेकेदार जितेंद्र कुमार शर्मा से फोन पर वार्ता की और 4 फरवरी तक कार्य तत्काल प्रभाव से स्थगित करने के निर्देश दिए।
महापौर दीपक बाली ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग, पुलिस प्रशासन और अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त बैठक बुलाकर समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के हितों की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी।
विरोध प्रदर्शन में जतिन नरूला, विजय कुमार, विजय सिंह सोलंकी, विशाल गुप्ता, आसिफ, इशान खान, सुप्रीत चड्ढा, इंद्र मोहन अग्रवाल, जगजीत सिंह सहित दर्जनों व्यापारी शामिल रहे।
कुल मिलाकर हाइट बैरियर का मामला अब सिर्फ तकनीकी नहीं रहा, बल्कि व्यापार और सुरक्षा से जुड़ा बड़ा मुद्दा बन गया है, जिस पर प्रशासन की अग्निपरीक्षा तय मानी जा रही है।
ताजा खबर
- अल्मोड़ा में बड़ा हादसा: जंगली मशरूम खाने से एक ही परिवार के 3 लोग बीमार, दादी की हालत गंभीर
- उत्तराखंड में सुशासन की नई मिसाल: 60 वर्ष की आयु होते ही पात्रों को स्वतः मिलेगी वृद्धावस्था पेंशन, मुख्यमंत्री धामी के सख्त निर्देश
- सी.एस.एन.पी.जी. कॉलेज में होगा पौध भंडारा, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को मिलेगा बढ़ावा
- डंपर की चपेट में आने से 22 वर्षीय अभिषेक की दर्दनाक मौत, बहनों के सिर से उठा भाई का साया
- ट्रांसपोर्ट परिसर में खड़े ट्रक के केबिन में मिली ड्राइवर की लाश, जांच में जुटी फॉरेंसिक टीम
- उत्तराखंड : नाबालिग से छेड़खानी के बाद बवाल, आरोपी मांस कारोबारी गिरफ्तार; पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई
- उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला: बारिश के बाद बढ़ी उमस, देहरादून समेत 6 जिलों में भारी बारिश का ‘यलो अलर्ट’
- रानीखेत में दिनदहाड़े युवती पर गुलदार का जानलेवा हमला: गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर, कुंवाली क्षेत्र में दहशत
- अवैध खनन पर बड़ा एक्शन: हरिद्वार में 5 रिटेल भंडारण लाइसेंस निरस्त, निदेशक राजपाल लेघा की सख्त कार्रवाई
- खबर का असर: द्रोणासागर के खतरनाक पेड़ को काटने के आदेश ! हिमालय प्रहरी की मुहिम रंग लाई KDF की मांग पर जागा प्रशासन

