सांप तो भगवान शंकर के गले की शोभा है’, कांग्रेस नेता के बयान का पीएम मोदी ने कुछ ऐसे दिया जवाब
कर्नाटक के कोलार जिले में रविवार (30 अप्रैल, 2023) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीजेपी प्रत्याशी के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित किया।

इस दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस और जेडीएस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज जब मैं भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ रहा हूं तो सबसे ज्यादा तकलीफ कांग्रेस को हो रही है इसलिए कांग्रेस की दिनों दिन मुझसे नफरत और बढ़ गई है। उन्होंने मुझ पर हमला और बढ़ा दिया है।
पीएम मोदी ने इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के ‘जहरीले सांप’ वाले बयान पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग धमकी दे रहे हैं, “मोदी तेरी कब्र खुदेगी।” अब वे मेरी तुलना सांप से कर रहे हैं और जनता से वोट मांग रहे हैं। सांप तो भगवान शंकर के गले की शोभा है और मेरे लिए देश की जनता ईश्वर का रूप है, शिव का ही स्वरूप है।
कांग्रेस और जेडीएस कर्नाटक के विकास में रोड़ा: पीएम मोदी
कांग्रेस और जेडीएस पर हमलावर होते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इतनी बढ़ी संख्या में आपका यहां आना आज कांग्रेस और JDS दोनों की नींद उड़ाने वाला है। कर्नाटक के विकास में ये दोनों पार्टियां सबसे बड़ा रोड़ा हैं। कांग्रेस और JDS मिलकर चाहे जितना खेल लें, लेकिन कर्नाटक की जनता उन्हें क्लीन बोल्ड करने जा रही है। मोदी ने कहा कि कर्नाटक का ये चुनाव सिर्फ आने वाले पांच वर्षों के लिए विधायक, मंत्री या मुख्यमंत्री बनाने का नहीं है, ये चुनाव आने वाले 25 सालों में विकसित भारत के रोडमैप की नींव को सशक्त करने का है। अस्थिर सरकार इस तरह के बड़े वीजन पर कभी काम नहीं कर सकती।
2014 से पहले करप्शनकाल था: मोदी
कांग्रेस के कार्यकाल का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा, ‘2014 से पहले करप्शन काल में कांग्रेस सरकार के कालखंड में दुनिया भारत से सारी उम्मीदें छोड़ चुकी थी। बीजेपी को दिए आपके एक वोट ने सारी स्थिति बदल दी। आज भारत की प्रतिष्ठा बुलंदी पर है, अर्थव्यवस्था की गति तेज है और दुनिया भारत को ब्राइट स्पॉट बता रही है।’
मोदी ने कहा कि भाजपा का संकल्प कर्नाटक को भारत का नंबर वन राज्य बनाने का है इसलिए यहां डबल इंजन की सरकार जरूरी है। जितने दिन यहां कांग्रेस-JDS का गठबंधन रहा, कर्नाटक के विकास पर ब्रेक लग गया। जब यहां डबल इंजन की सरकार बनी तब यहां के विकास ने नई गति पकड़ी। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार आधुनिक कनेक्टिविटी के लिए जो काम कर रही है, वो इस पूरे क्षेत्र में नई संभावनाएं बनाएगी। बंगलुरू-चेन्नई एक्सप्रेसवे यहां के किसानों और इंडस्ट्री दोनों के लिए नए अवसर बनाएगा, उसपर तेजी से काम चल रहा है।
कांग्रेस को किसानों की चिंता नहीं: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने कभी भी किसानों की परवाह नहीं की, लेकिन भाजपा सरकार बीज से बाजार तक किसानों के लिए काम कर रही है। केंद्र सरकार पीएम किसान सम्मान निधि के जो पैसे भेजती है, उसमें यहां की बीजेपी सरकार 4 हजार रुपए और जोड़ देती है। इससे कर्नाटक के लाखों किसान परिवारों के बैंक खाते में 18 हजार करोड़ रुपए पहुंचे हैं।
कांग्रेस की आदत लोगों को गाली देना है: निर्मला सीतारमण
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, ‘वो(कांग्रेस) नफरत से भरे हुए हैं। राहुल गांधी मोहब्बत की दुकान की बात करते हैं मगर उनके पार्टी के अध्यक्ष जहर उगल रहे हैं, वो जहरीले सांप की बात कर रहे हैं। इससे समझ में आता है कि राहुल गांधी किस तरफ जा रहे हैं और उनकी पार्टी किस तरफ जा रही है। राहुल गांधी कुछ ऐसा बोल रहे हैं जिसमें पार्टी विश्वास नहीं करती। कांग्रेस का आदत लोगों को गाली देना है, जिन्हें वो हरा नहीं सकते हैं।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

