सरोवर नगरी नैनीताल में मौसम हुआ सुहाना: झमाझम बारिश से लुढ़का पारा, कमरों के दाम आधे होने से उमड़े पर्यटक

खबर शेयर करें -

नैनीताल:

सरोवर नगरी नैनीताल में मंगलवार की सुबह खुशनुमा और सुहावने मौसम के साथ शुरू हुई। नगर में सुबह करीब 8:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक रुक-रुक कर हल्की बारिश होती रही, जबकि इस दौरान कुछ देर के लिए झमाझम पानी भी बरसा। इस सुहावने मौसम का यहां पहुंचे पर्यटकों ने भरपूर लुत्फ उठाया। खासकर पर्यटक जोड़ों (कपल्स) ने मालरोड और झील के किनारे बारिश के बीच जमकर फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी की और अपनी खूबसूरत यादों को मोबाइल कैमरों में कैद किया।

5 मिमी बारिश रिकॉर्ड, मानसून पर दिख रहा ‘अल नीनो’ का असर

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार सुबह हुई इस बारिश से नगर में 5 मिमी पानी बरसा। हालांकि, इसके बाद पूरे दिन आसमान में घने बादल छाए रहे, लेकिन फिर बारिश नहीं हुई। आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान (एरीज) के वरिष्ठ पर्यावरण वैज्ञानिक डॉ. नरेंद्र सिंह ने बताया कि इस बार मानसून पर ‘अल नीनो’ का असर साफ देखा जा रहा है, जिस कारण फिलहाल जमकर बारिश नहीं हो रही है। डॉ. सिंह के अनुसार मौसम का यह पैटर्न आगे भी देखने को मिल सकता है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में सुशासन की नई मिसाल: 60 वर्ष की आयु होते ही पात्रों को स्वतः मिलेगी वृद्धावस्था पेंशन, मुख्यमंत्री धामी के सख्त निर्देश

तापमान में आई गिरावट, आद्रता 90 प्रतिशत तक पहुंची

जीआइसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बारिश के चलते शहर के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार को नगर का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं हवा में आद्रता (नमी) का स्तर अधिकतम 90 प्रतिशत और न्यूनतम 60 प्रतिशत दर्ज किया गया, जिससे मौसम में अच्छी-खासी ठंडक महसूस की गई।

यह भी पढ़ें 👉  डंपर की चपेट में आने से 22 वर्षीय अभिषेक की दर्दनाक मौत, बहनों के सिर से उठा भाई का साया

15 जुलाई तक पैक रहेंगे होटल, कैंची धाम के कारण अब ‘ऑल वेदर’ हुआ पर्यटन

वीकेंड (सप्ताहांत) बीत जाने के बाद भी नैनीताल शहर में पर्यटकों की आमद लगातार बरकरार है। मैदानी इलाकों में गर्मी और नैनीताल के सुहावने मौसम को देखते हुए दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों, राजस्थान और हरियाणा से बड़ी संख्या में सैलानी यहां पहुंच रहे हैं।

पर्यटन कारोबारियों के अनुसार, सीजन खत्म होने के बाद अब होटलों में कमरों के दाम करीब आधे हो गए हैं, जिससे पर्यटकों को काफी राहत मिल रही है। स्थानीय कारोबारियों का अनुमान है कि पर्यटकों की यह आमद आगामी 15 जुलाई तक इसी तरह बनी रहेगी। सुप्रसिद्ध पर्यटन कारोबारी रुचिर साह ने बताया कि अब नैनीताल का पर्यटन सिर्फ गर्मियों के सीजन तक सीमित नहीं रह गया है। बाबा नीम करौली के पावन धाम ‘कैंची धाम’ के प्रति देश-विदेश में बढ़ती अगाध आस्था और नैनीताल के हमेशा बदलते खूबसूरत मौसम के चलते अब साल के बारह महीने और हर वीकेंड पर यहां सैलानियों का तांता लगा रहता है।

यह भी पढ़ें 👉  हाईवोल्टेज ड्रामे के बीच भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष हिरासत में: दुष्कर्म का है आरोप, पुलिस कार्रवाई के दौरान पीया संदिग्ध पदार्थ, हायर सेंटर रेफर
Ad