लालकुआं: कोतवाली से चंद कदमों की दूरी पर स्थित आजाद नगर में चोरों का दुस्साहस; बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों के आभूषण चुराए

खबर शेयर करें -
लालकुआं। उत्तराखंड के लालकुआं कोतवाली क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब वे पुलिस कोतवाली के ठीक बगल की कॉलोनियों को भी निशाना बनाने से नहीं चूक रहे हैं। ताजा मामला लालकुआं कोतवाली से महज कुछ ही कदमों की दूरी पर स्थित आजाद नगर वार्ड-4 का है, जहां शनिवार रात अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के आभूषण और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। कोतवाली के इतनी नजदीक हुई इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से स्थानीय नागरिकों में भारी दहशत और पुलिस के खिलाफ गहरा आक्रोश व्याप्त है।

बेटी के घर गईं थीं पीड़िता, सूने घर का उठाया फायदा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आजाद नगर वार्ड-4 निवासी मोहनी देवी पत्नी स्व. भीम सिंह परिहार शनिवार रात किसी कार्य से अपनी बेटी के घर दवाईफार्म (नगला) गई हुई थीं, जिसके चलते उनके घर पर ताला बंद था। घर के सूने होने का फायदा उठाकर शातिर चोरों ने रात के वक्त धावा बोल दिया। चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और घर के अंदर प्रवेश कर कमरों में रखी अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखा सारा कीमती सामान समेट लिया।

करीब तीन लाख रुपये के आभूषण चोरी

पीड़िता मोहनी देवी के अनुसार, चोर उनके घर से सोने के दो मंगलसूत्र, एक जोड़ी कान की बालियां और चांदी के 8 सिक्कों सहित कई कीमती आभूषण व अन्य घरेलू सामान चुरा ले गए। पीड़ित परिवार के मुताबिक चोरी हुए कुल सामान की कीमत लगभग तीन लाख रुपये आंकी गई है।

पड़ोसियों की सूचना पर हुआ खुलासा, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज

रविवार सुबह जब पड़ोसियों की नजर मोहनी देवी के घर के मुख्य दरवाजे के टूटे हुए तालों पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत फोन पर इसकी सूचना पीड़िता को दी। सूचना मिलते ही मोहनी देवी घबराकर आनन-फानन में अपने घर पहुंचीं। अंदर जाकर देखा तो कमरों का सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी टूटी हुई थी।
घटना की जानकारी मिलते ही लालकुआं कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। कोतवाल बृजमोहन राणा ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना मिल चुकी है और मौके का निरीक्षण कर लिया गया है। मामले में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। चोरों का सुराग लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।
यह भी पढ़ें 👉  स्कूल के गेट पर प्रिंसिपल पर टूटा 10वीं का छात्र; निलंबन से नाराज छात्र ने की मारपीट, पुलिस हिरासत में
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  कुटुंब न्यायालय में अजीबोगरीब मामला; महिला अधिवक्ता का जूनियर बनकर आया युवक विचाराधीन मुकदमे की मूल फाइल लेकर फरार