पंतनगर: बस की टक्कर से बाइक सवार हल्द्वानी के दो लोगों की दर्दनाक मौत; मची कोहराम

पंतनगर। उत्तराखंड के पंतनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नगला गोल गेट के पास सोमवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सेंचुरी पेपर मिल के कर्मचारियों को लेकर जा रही एक तेज रफ्तार बस ने गलत दिशा में आकर बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में हल्द्वानी के रहने वाले दो लोगों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पंतनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।
गलत दिशा से आ रही बस ने मारी जोरदार टक्कर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हल्द्वानी के निशांत विहार, मुखानी निवासी 49 वर्षीय कुलदीप अरोड़ा पुत्र गुरुबख्श अरोड़ा और 48 वर्षीय गुलशन कुशवाहा सोमवार रात मोटरसाइकिल पर सवार होकर किच्छा से हल्द्वानी की ओर लौट रहे थे। जब वे नगला गोल गेट के पास पहुंचे, तो सेंचुरी पेपर मिल के कर्मचारियों को छोड़ने किच्छा की ओर जा रही एक बस अचानक अनियंत्रित होकर गलत दिशा में आ गई और उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
अस्पताल ले जाते समय दूसरे घायल ने भी दम तोड़ा
इस भयानक टक्कर में कुलदीप अरोड़ा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गुलशन कुशवाहा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए गंभीर रूप से घायल गुलशन की सांसें चलती देख उन्हें तुरंत एक निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) किच्छा पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
घटनास्थल पर मिले आधार कार्ड और मोबाइल फोन की मदद से पुलिस ने मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को इस हृदयविदारक हादसे की सूचना दी। पंतनगर थाना प्रभारी नंदन सिंह रावत ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

