पत्नी के मायके से न लौटने पर प्लंबर ने फंदा लगाकर की खुदकुशी, हल्द्वानी के पनियाली क्षेत्र की घटना; 3 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
हल्द्वानी। मुखानी कोतवाली क्षेत्र के पनियाली में पत्नी के मायके से वापस न लौटने से क्षुब्ध होकर एक युवक ने घर में ही फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक तीन बच्चों का पिता था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया है।
फोन पर कहासुनी के बाद उठाया आत्मघाती कदम
प्राप्त जानकारी के अनुसार मूल रूप से बहादुरगंज (पीलीभीत) निवासी सर्वेश कुमार (37) पुत्र अनोखे लाल पनियाली क्षेत्र में अपना मकान बनाकर रहता था और प्लंबर का काम करके परिवार का भरण-पोषण करता था। सर्वेश की पत्नी इन दिनों छोटी बेटी के साथ मायके गई हुई थी। बृहस्पतिवार रात फोन पर पत्नी से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद सर्वेश ने घर के टिन शेड में दुपट्टे के सहारे फंदा लगा लिया। परिजन आनन-फानन में उसे डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पत्नी को दी थी ‘मरा हुआ मुंह देखने’ की चेतावनी, पहले भी कर चुका था प्रयास
अस्पताल पहुँचे सर्वेश के बड़े भाई जयप्रकाश ने बताया कि सर्वेश ने 13 साल पहले खटीमा निवासी युवती से प्रेम विवाह किया था। बृहस्पतिवार को उसने अपने एक मित्र के सामने पत्नी से फोन पर कहा था कि यदि वह आज ही वापस नहीं आई तो उसका मरा हुआ मुंह देखेगी। परिजनों ने यह भी खुलासा किया कि सर्वेश ने इस वर्ष होलिका दहन की रात भी फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया था।
पुलिस मामले की जाँच में जुटी
हल्द्वानी के एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि मुखानी कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुँचकर आवश्यक कार्रवाई की। फिलहाल परिजनों की ओर से मामले में कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जाँच कर रही है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें


