हल्द्वानी में कुत्ते को बचाने के चक्कर में स्कूटी फिसली, गंभीर रूप से घायल नर्सिंग छात्रा कंचन पांडे की इलाज के दौरान मौत

हल्द्वानी। कमलुवागांजा मार्ग पर 14 सितंबर की रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई 23 वर्षीय नर्सिंग छात्रा कंचन पांडे की उपचार के दौरान मौत हो गई। लामाचौड़ निवासी कंचन एक निजी कॉलेज में बीएससी नर्सिंग तृतीय वर्ष की छात्रा थीं और पढ़ाई के साथ-साथ महिला अस्पताल में ड्यूटी भी कर रही थीं। घटना वाली रात वह कॉलेज से स्कूटी पर घर लौट रही थीं, तभी अचानक सड़क पर निराश्रित कुत्ता आ गया। कुत्ते को बचाने के प्रयास में उन्होंने अचानक ब्रेक लगाए, जिससे स्कूटी अनियंत्रित होकर फिसल गई और कंचन के सिर में गंभीर चोटें आईं।
निजी अस्पताल में चल रहा था उपचार, मौत के बाद परिवार में मचा कोहराम
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल कंचन को मुखानी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां आईसीयू में उनका इलाज चल रहा था। चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद 16 सितंबर की देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया। कंचन के पिता भगवती प्रसाद शिक्षा विभाग में क्लर्क हैं। होनहार बेटी की मौत की खबर मिलते ही माता भावना पांडे, भाई गौरव और परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

