बिंदुखत्ता में लोकपर्व सातूं-आठूं (गौरा महोत्सव) की धूम: धार्मिक अनुष्ठानों और झोड़ा-चांचरी के साथ महिलाएं मना रही उत्सव

खबर शेयर करें -
लालकुआं। कुमाऊं मंडल के पावन लोकपर्व सातूं-आठूं (गौरा महोत्सव) की पूरे क्षेत्र में धूम मची हुई है। नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, बागेश्वर और नेपाल सीमा से सटे इलाकों में इस त्यौहार को विशेष आस्था और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में, बिंदुखत्ता स्थित वरिष्ठ समाजसेवी गोकुलानंद उपाध्याय के आवास पर गांव की महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों और भक्तिभाव के साथ इस पर्व का आयोजन किया।
बिरुड़ पंचमी से हुआ शुभारंभ, विधि-विधान से हुई मां गौरा-महेश्वर की पूजा
भाद्रपद शुक्ल पक्ष की पंचमी (बिरुड़ पंचमी) से शुरू हुए इस पर्व के पहले दिन महिलाओं ने पारंपरिक मिट्टी व वनस्पति से मां गौरा और भगवान महेश्वर की अत्यंत आकर्षक प्रतिमाओं का निर्माण किया था। तत्पश्चात, पुरोहित जी के वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई। महिलाओं ने सामूहिक रूप से पारंपरिक ‘बणभाट कथा’ का श्रवण किया।
दुर्वाष्टमी पर महिलाओं ने धारण किया पवित्र सूत्र, रखा अखंड सौभाग्य का व्रत
गुरुवार को दुर्वाष्टमी के पावन अवसर पर महिलाओं ने अपने घरों एवं मंदिरों में बिरुड़ों (पाँच प्रकार के अंकुरित अनाजों) से मां गौरा व भगवान महेश्वर की पूजा की। इसके बाद दुर्वाधागे (पवित्र सूत्र) की प्राण प्रतिष्ठा कर उसे गले में धारण किया। सुहागिन महिलाओं ने अखंड सौभाग्य, सुखी दांपत्य जीवन तथा पूरे परिवार की सुख-समृद्धि की कामना के लिए निर्जला व्रत रखकर पूजा-अर्चना की।
झोड़ा और चांचरी लोकनृत्य से सराबोर हुआ माहौल, रविवार को होगी भावुक विदाई
उत्सव के दौरान पारंपरिक कुमाऊंनी परिधानों में सजी महिलाओं ने ‘झोड़ा’ और ‘चांचरी’ लोकनृत्य प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को सांस्कृतिक रंगों में सराबोर कर दिया।

भजन कीर्तन सहित अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में माया उपाध्याय, तारा बिष्ट, किरण उपाध्याय, पुष्पा गिरी, सुनीता उपाध्याय, कमला जोशी समेत कई महिलाएं मौजूद रहीं ।

यह भी पढ़ें 👉  शराब में कीटनाशक मिलाकर पिता को पिलाने के बाद बेटे ने खुद गटका: दोनों की दर्दनाक मौत, जांच में जुटी पुलिस
समाजसेवी गोकुलानंद उपाध्याय ने बताया कि रविवार को पर्व के अंतिम दिन गाजे-बाजे और पारंपरिक भावुक विदाई गीतों के साथ मां गौरा और भगवान महेश्वर की प्रतिमाओं का इंद्रा नगर 2 स्थित बिंदेश्वर महादेव मंदिर में विसर्जन कर भावभीनी विदाई दी जाएगी।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  घर में सो रही 88 वर्षीय वृद्धा पर तेंदुए का हमला, गंभीर हालत में रेफर