हरीश रावत का नया चुनावी शिगूफा, सरकार आने पर युवाओं को प्रोत्साहन भत्ता

ऋषिकेश: कांग्रेस विचार मंथन शिविर के दौरान हरीश रावत ने युवाओं को लुभाने के लिए एक और दावा किया है. हरीश रावत ने कहा अगर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनती है, तो वे बेरोजगार युवाओं को प्रोत्साहन भत्ता देंगे.
2022 विधानसभा चुनाव से पहले सभी राजनीतिक दल अलग-अलग वादे कर जनता को लुभाने में लगे हुए हैं. ‘आप’ ने मुफ्त बिजली देने का ऐलान किया तो भाजपा और कांग्रेस भी इसके पीछे पीछे चल दिये. अब पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने एक और दावा कर दिया है. हरीश रावत ने युवाओं को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए बेरोजगारी भत्ते की जगह प्रोत्साहन भत्ता देने का ऐलान कर दिया है. हरीश रावत ने कहा कि अगर हमारी सरकार बनती है तो यह महत्वपूर्ण फैसला लिया जाएगा.
हरीश रावत ने यह भी कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने के बाद एक वर्ष के भीतर रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी. इसके अलावा प्रत्येक वर्ष 10 प्रतिशत नई भर्तियां की जाएंगी. उन्होंने कहा नीतिगत फैसले लेने से रोजगार को बढ़ावा दिया जाएगा.

