
राजू अनेजा,काशीपुर।मध्यप्रदेश के इंदौर में प्रदूषित पानी पीने से हुई मानवीय क्षति की दुखद घटना को गंभीरता से लेते हुए काशीपुर के महापौर दीपक बाली ने उत्तराखंड जल संस्थान रामनगर के अधिशासी अभियंता को पत्र लिखकर काशीपुर नगर निगम क्षेत्र में आपूर्ति किए जा रहे पेयजल की गुणवत्ता को लेकर कड़ी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। महापौर ने विशेष रूप से नालों-नालियों के समीप बिछी पाइप लाइनों में संभावित लीकेज और क्रॉस-कनेक्शन की गहन जांच कराने को कहा है।
उल्लेखनीय है कि पूरे उत्तराखंड में महापौर दीपक बाली ऐसे पहले जनप्रतिनिधि हैं, जिन्होंने इंदौर की इस घटना को तत्काल संज्ञान में लेते हुए जल संस्थान से औपचारिक पत्राचार किया है।
अधिशासी अभियंता को लिखे पत्र में महापौर बाली ने कहा कि विगत चार-पांच दिनों से समाचार पत्रों एवं सोशल मीडिया के माध्यम से यह तथ्य सामने आया है कि इंदौर में पानी की लाइनों में लीकेज के कारण प्रदूषित पानी की आपूर्ति हुई, जिससे कई लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर दुष्प्रभाव पड़े और मानवीय क्षति तक हुई। यह घटना अत्यंत कष्टकारी, दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है।
उन्होंने कहा कि यदि इंदौर में प्रतिदिन पेयजल आपूर्ति की गहन निगरानी की जाती, तो संभवतः यह हादसा टल सकता था। देश के सबसे स्वच्छ शहर में ऐसी घटना होना व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
महापौर ने पत्र में स्पष्ट किया कि काशीपुर नगर क्षेत्र के नागरिकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सर्वोपरि है। ऐसे में उत्तराखंड जल संस्थान द्वारा आपूर्ति किए जा रहे पेयजल की गुणवत्ता को लेकर विशेष सतर्कता बरतना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जल संस्थान से निम्न बिंदुओं पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा—
01. संपूर्ण नगर क्षेत्र में पेयजल की नियमित एवं विशेष गुणवत्ता जांच कराई जाए तथा उसकी रिपोर्ट नगर निगम को उपलब्ध कराई जाए।
02. नगर के जिन क्षेत्रों में नालों-नालियों के किनारे पेयजल पाइपलाइन बिछी है तथा जहां ध्वस्त सीवर लाइनों की संभावना है, उन सभी स्थानों पर विशेष परीक्षण कर संभावित लीकेज, क्रॉस-कनेक्शन या सीवर कटिंग से जुड़े मामलों का चिन्हीकरण किया जाए और त्वरित सुधार किया जाए।
03. जहां तकनीकी अथवा मानवजनित त्रुटियां पाई जाएं, वहां तत्काल मरम्मत एवं सुधार कार्य कराया जाए।
04. नगर निगम स्तर से लीकेज सुधार एवं क्षतिग्रस्त पाइप लाइनों के लिए हस्तांतरित चार करोड़ रुपये की धनराशि से कराए गए कार्यों की वर्तमान स्थिति से भी अवगत कराया जाए कि यह योजना किन-किन क्षेत्रों में लागू की गई है।
महापौर दीपक बाली ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उपरोक्त सभी कार्यवाहियों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए और नगर की सम्मानित जनता के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। साथ ही की गई कार्रवाई की जानकारी उन्हें उपलब्ध कराई जाए, ताकि नगरवासियों को सुरक्षित और स्वच्छ पेयजल सुनिश्चित किया जा सके।
यह कदम इंदौर की घटना से सबक लेते हुए काशीपुर में किसी भी संभावित खतरे को पहले ही रोकने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।
ताजा खबर
- पिथौरागढ़ में दिल दहलाने वाली घटना: दौड़ते समय बेहोश होकर गिरे 14 वर्षीय छात्र की मौत, सदमे में मां ने सरयू नदी में कूदकर दी जान
- मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन में बोले सीएम धामी: 10वीं व 12वीं के छात्रों को टैब के लिए DBT से मिलेगी राशि, 140 मेधावियों से किया सीधा संवाद
- हल्द्वानी-कालाढूंगी सड़क होगी फोरलेन, पर्यटकों को कॉर्बेट पहुंचना होगा आसान और जाम से मिलेगी निजात
- पूर्व सीएम हरीश रावत का फिर सोशल मीडिया पोस्ट, बोले— “मां की सौगंध, नौकरी या राजनीतिक पद के बदले कभी पैसा नहीं लिया”
- फांसी की सजा से बाल-बाल बचे सुरेंद्र कोली का फांसी के फंदे से ही हुआ अंत, दुकान में लटकता मिला शव
- पशु आहार के बढ़े दामों पर लगी रोक, अध्यक्ष मुकेश बोरा की पहल पर दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने दिए निर्देश; 55 हजार पशुपालकों को मिली बड़ी राहत
- ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी हल्द्वानी में ‘स्टार्टअप शोडाउन’ का आयोजन, ‘डेस्टिनिक्स’ के शोभित सिंह बने विजेता
- हल्द्वानी के टांडा रोड पर दर्दनाक सड़क हादसा: अनियंत्रित तेज रफ्तार बाइक पेड़ से टकराई, रुद्रपुर के दो युवकों की मौत
- धार्मिक भावनाएं भड़काने और हाईवे जाम के 14 साल पुराने मामले में कड़ा रुख, दो विधायकों समेत 24 भाजपाइयों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी
- खेल महाकुंभ में चमकीं नानकमत्ता की लक्षिता जोशी, राज्य स्तरीय जूडो में जीता कांस्य पदक

