हल्द्वानी में CWC सदस्य प्रकाश जोशी का भव्य स्वागत: खरगे की महारैली को लेकर हेमवती नंदन दुर्गापाल ने की समीक्षा, ऐतिहासिक सफलता का दावा

हल्द्वानी। कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) सदस्य एवं पश्चिम बंगाल कांग्रेस के प्रभारी प्रकाश जोशी के प्रथम बार हल्द्वानी आगमन पर कांग्रेस नेता हेमवती नंदन दुर्गापाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान आगामी दिनों में होने वाली कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की विशाल जनसभा और रैली की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान कांग्रेस नेता हेमवती नंदन दुर्गापाल ने प्रकाश जोशी के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रस्तावित रैली की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में कार्यक्रम की सफलता, संगठनात्मक व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने, कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने तथा रैली में अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने जैसे विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता हेमवती नंदन दुर्गापाल ने कहा, “आदरणीय राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे जी की हल्द्वानी में होने वाली यह जनसभा ऐतिहासिक होगी। वर्तमान समय में जनता भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों, आसमान छूती महंगाई और बेरोजगारी से त्रस्त है और कांग्रेस की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रही है। खरगे जी का यह दौरा उत्तराखंड कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में एक नई ऊर्जा का संचार करेगा। हम सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर पूरी ताकत से इस रैली को सफल बनाने में जुटेंगे और जनता की आवाज को मजबूती देंगे।”
इस अवसर पर मुख्य रूप से नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश, पूर्व काबीना मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल, पूर्व विधायक व रामनगर पालिका चेयरमैन हाजी अकरम उपस्थित रहे।
इसके साथ ही जिला कांग्रेस कमेटी नैनीताल के अध्यक्ष राहुल छिमवाल, महानगर कांग्रेस कमेटी हल्द्वानी के अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट, पीसीसी सदस्य हरेंद्र बोरा, जिला अनुशासन समिति के अध्यक्ष उमेश कबड़वाल, पूर्व पालिका चेयरमैन हेमंत बगड़वाल, पूर्व नगर अध्यक्ष हरीश मेहता, पूर्व जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल, कांग्रेसी नेता मोहन कुड़ाई, महिला कांग्रेस नैनीताल की अध्यक्ष खष्टी बिष्ट, महिला कांग्रेस हल्द्वानी महानगर की अध्यक्ष मधु सांगुड़ी और युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक सहित समस्त सम्मानित कांग्रेसजन मौजूद रहे।

