रुद्रपुर: मुख्य बाजार में चोरों का तांडव; एक साथ चार शोरूमों के ताले तोड़कर 10 लाख की नकदी पार

खबर शेयर करें -

रुद्रपुर: शहर के सबसे व्यस्ततम व्यावसायिक क्षेत्र ‘मटके वाली गली’ में चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए पुलिस की गश्त और सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है। बीती देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक साथ चार नामी शोरूमों में सेंधमारी कर करीब 10 लाख रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। सुबह जब दुकानदार अपने शोरूम पहुंचे, तो टूटे हुए ताले और बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। इस बड़ी चोरी से स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

यह भी पढ़ें 👉  पुणे हादसे में जान गंवाने वाले बिंदुखत्ता के मास्टरशेफ मनीष का पार्थिव शरीर पहुंचा घर; चित्रशिला घाट पर हुआ अंतिम संस्कार, 'मां के लिए कूलर खरीदना' रह गया आखिरी वादा

छत के रास्ते घुसे चोर, सीसीटीवी में कैद हुई करतूत

शुरुआती जानकारी के अनुसार, चोर पड़ोस की एक दुकान की छत के रास्ते शोरूमों के भीतर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने एक-एक कर चारों शोरूमों के ताले तोड़े और गल्लों (कैश काउंटर) में रखी नकदी समेट ली। व्यापारियों ने बताया कि एक शोरूम से 5 लाख, दूसरे से 2.5 लाख और अन्य दुकानों से करीब 40 हजार सहित कुल 10 लाख रुपये चोरी हुए हैं। वारदात की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें तीन युवक मुंह पर कपड़ा बांधकर नकदी थैलों में भरते हुए दिखाई दे रहे हैं।

यह भी पढ़ें 👉  गौला नदी के गेटों पर परिवहन विभाग की बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक: आरटीओ में सरेंडर वाहन ढो रहे थे अवैध खनन, 5 ओवरलोडेड डंपर सीज और 50 के चालान

व्यापारियों का हंगामा, पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही बाजार में व्यापारियों की भारी भीड़ जमा हो गई और उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। व्यापारियों का कहना है कि मुख्य बाजार जैसे इलाके में ऐसी वारदात होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर बड़ा प्रश्नचिह्न है। मौके पर पहुंचे सीओ दौलत राम वर्मा ने बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और डीवीआर कब्जे में ले लिए हैं। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम की मदद भी ली जा रही है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की पहचान कर मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया है।

यह भी पढ़ें 👉  रुद्रपुर पुलिस लाइन में भीषण आगजनी: सीज और लावारिस वाहनों के यार्ड में भड़की आग; रिक्रूट जवानों और दमकल की 5 गाड़ियों ने आधे घंटे में पाया काबू, 40 बाइकें स्वाहा