आखिर किसकी गूंज पर थमा गदरपुर का ‘गदर’? ऐन वक्त पर रद्द हुई दिग्गजों की बैठक ने बढ़ाई हलचल

खबर शेयर करें -

राजू अनेजा, गदरपुर।गदरपुर की राजनीति में जो ‘गदर’ उठा था, वह अचानक जिस तरह थम गया, उसने सत्ता और संगठन दोनों के गलियारों में खलबली मचा दी है। जमीन कब्जाने के आरोपों में घिरे भाजपा विधायक अरविंद पांडेय को लेकर तराई में सियासी उबाल चरम पर था, लेकिन ऐन वक्त पर घटनाक्रम ने ऐसा मोड़ लिया कि सवाल आरोपों से ज्यादा अब दबाव और दखल पर टिक गए हैं।
भाजपा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला और रुद्रपुर के मेयर विकास शर्मा द्वारा पांडेय के खिलाफ खुला मोर्चा खोलने के बाद मामला सड़क से संगठन तक पहुंच चुका था। बयान तीखे थे और संदेश साफ—अब अंदरखाने की बात नहीं, खुली सियासी जंग होगी। इसी बीच पूर्व मंत्री व डीडीहाट विधायक बिशन सिंह चुफाल का पांडेय के आवास पहुंचना कई मायनों में अहम माना गया। इसे संगठन की पहल कहा गया, तो कुछ ने इसे बढ़ते नुकसान को थामने की कोशिश बताया।
लेकिन सियासी भूचाल तब आया, जब यह खबर सामने आई कि पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया सलाहकार व पौड़ी सांसद अनिल बलूनी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक का पांडेय के घर पहुंचने का कार्यक्रम तय है। यह मुलाकात होती तो सियासी तस्वीर साफ हो जाती। मगर ऐन वक्त पर कार्यक्रम का रद्द हो जाना कई सवाल छोड़ गया।
राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि गदरपुर से उठी सियासी लपटों की आंच दिल्ली तक महसूस की गई। इसी बीच केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का ऋषिकेश में होना भी महज संयोग नहीं माना जा रहा। कयास लगाए जा रहे हैं कि शीर्ष स्तर से मिले संकेतों के बाद ही इस सियासी ‘गदर’ पर ब्रेक लगाया गया, ताकि मामला और न भड़के।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है—
क्या गदरपुर का गदर सच में थम गया है, या फिर यह सिर्फ तूफान से पहले की खामोशी है?
इतिहास गवाह है कि तराई की राजनीति में जब सवाल जमीन और साख का हो, तो चुप्पी ज्यादा देर टिकती नहीं।

यह भी पढ़ें 👉  डंपरों के खिलाफ आवाम के साथ सड़क पर उतरे चेयरमैन सतीश चुघ, बोले- गूलरभोज को मौत का रास्ता नहीं बनने देंगे
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  राहगीरों को मीठा शरबत पिलाकर हरेंद्र सिंह बोरा ने दिया सेवा और सद्भाव का संदेश