पंजाबी समाज के खिलाफ विवादित टिप्पणी पर भड़का गुस्सा: हरक सिंह रावत और आकांक्षा नेगी के खिलाफ 48 घंटे का अल्टीमेटम, दी चुनाव लड़ने की चुनौती
देहरादून। कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष व पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत और कांग्रेस नेता सूरत सिंह की बेटी आकांक्षा नेगी द्वारा पंजाबी समाज के प्रति ‘पाकिस्तानी’ शब्द का इस्तेमाल करने पर विवाद गहरा गया है। इस बयान से आक्रोशित पंजाबी महासभा और भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने प्रेस वार्ता कर कड़ी नाराजगी जाहिर की है। भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कुंवर जपेंद्र सिंह तथा सभा के पदाधिकारियों ने कहा कि रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ और पूरे देशभक्त पंजाबी खत्री समाज के लिए इस तरह के अपमानजनक व राष्ट्रविरोधी शब्दों का प्रयोग कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत की शह और उकसावे पर ही आकांक्षा नेगी ने समाज का यह अपमान किया है, जो कांग्रेस की सिखों व पंजाबियों के प्रति नफरत की सोच और समाज को बांटने की मंशा को दर्शाता है।
कुंवर जपेंद्र सिंह ने चेतावनी दी है कि भारतीय संविधान किसी को भी देशभक्त नागरिकों का इस प्रकार अपमान करने की इजाजत नहीं देता। यदि 48 घंटे के भीतर आकांक्षा नेगी पर पुलिस प्रशासन द्वारा कठोर दंडात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो वे पंजाबी समाज के साथ उग्र आंदोलन और आमरण अनशन करने पर मजबूर होंगे। इसके साथ ही उन्होंने हरक सिंह रावत को आगामी विधानसभा चुनाव में कैंट सीट से चुनाव लड़ने की खुली चुनौती देते हुए कहा कि यदि वे इस चुनौती को स्वीकार करते हैं तो यही पंजाबी समाज उन्हें उनकी राजनीतिक जमीन और कद का अहसास करा देगा।

