टिहरी गढ़वाल संसदीय सीट पर कांग्रेस ने गुनसोला पर दिखाया भरोसा, सरल व्यवहार और स्वच्छ छवि के लिए जाने जाते हैं गुनसोला

खबर शेयर करें -

टिहरी गढ़वाल संसदीय सीट पर कांग्रेस ने मसूरी विधानसभा सीट से दो बार विधायक रह चुके जोत सिंह गुनसोला पर विश्वास जताया है। वर्तमान परिस्थितियों में कांग्रेस के पैरामीटर पर वह फिट बैठे हैं।

पार्टी संगठन के प्रति निष्ठा, स्वच्छ छवि, सादगी और जातीय समीकरणों ने उन्हें टिकट दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

गुनसोला को पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत का करीबी माना जाता है। वह क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। टिहरी सीट पर वर्ष 2019 के चुनाव में कांग्रेस ने तत्कालीन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह चौहान को प्रत्याशी बनाया था।

गुनसोला पर कांग्रेस ने जताया भरोसा

प्रीतम सिंह चौहान के इस बार लोकसभा चुनाव लड़ने में असमर्थता जताने के बाद कांग्रेस को यहां विभिन्न समीकरणों के दृष्टिगत भाजपा से मुकाबले को दमदार प्रत्याशी की तलाश थी। यह पूर्व विधायक गुनसोला पर जाकर पूरी हुई, जिन्होंने टिकट के लिए दावा भी पेश किया था। किसी अन्य प्रमुख नेता की दावेदारी न होने का लाभ भी गुनसोला को मिला।

सरल व्यवहार और स्वच्छ छवि के लिए जाने जाते हैं गुनसोला

मूल रूप से टिहरी जिले की प्रतापनगर तहसील के ग्राम म्यूंडा धारमंडल निवासी गुनसोला को अपने सरल व्यवहार और स्वच्छ छवि के लिए जाना जाता है। वह मसूरी नगर पालिका परिषद के दो बार अध्यक्ष रह चुके हैं। राज्य गठन के बाद मसूरी से वह पहले विधायक भी चुने गए। सत्ता विरोधी लहर के बावजूद लगातार दूसरी बार 2007 में भी वह यहीं से विधायक बने। इसके अलावा गुनसोला को कांग्रेस संगठन में निष्ठा के साथ काम करने का लाभ भी मिला है।

जीवन परिचय

नाम: जोत सिंह गुनसोला

पिता का नाम : स्वर्गीय बीएस गुनसोला

जन्म : 10 फरवरी 1954

पत्नी : सोना देवी गुनसोला

शिक्षा: स्नातक

पता: गांधी चौक, मसूरी

राजनीतिक जीवन

  • – वर्ष 1988 और वर्ष 1997 में मसूरी नगर पालिका के अध्यक्ष चुने गए। -वर्ष 2002 में राज्य के पहले विधानसभा चुनाव में मसूरी से विधायक बने -वर्ष 2007 में मसूरी सीट से ही दोबारा विधानसभा में पहुंचे।
  • -वर्ष 2019 में क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष चुने गए

जोत सिंह गुनसोला ने कही ये बात

पिछले 53 वर्ष से कांग्रेस पार्टी के लिए काम कर रहा हूं। पार्टी ने मेरे राजनीतिक और सेवा के अनुभव देखकर टिकट दिया है। इस पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा। संगठन बूथ स्तर तक अपना काम कर रहा है। इसलिए कांग्रेस इस सीट पर पूरे दमखम के साथ चुनाव लड़ेगी। एक सेवक के रूप में एक-एक मतदाता को कांग्रेस से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। -जोत सिंह गुनसोला, कांग्रेस प्रत्याशी, टिहरी गढ़वाल संसदीय क्षेत्र