बेतालघाट में कोसी नदी में डूबने से सेना के नायब सूबेदार की दर्दनाक मौत, छुट्टी पर गांव आए थे घर
बेतालघाट (नैनीताल)। नैनीताल जिले के बेतालघाट क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां कोसी नदी के तेज बहाव में बहने से सेना के एक जवान की असमय मौत हो गई। मूल रूप से अल्मोड़ा जिले के द्वाराहाट (ग्राम कुंस्यारी) निवासी 38 वर्षीय नायब सूबेदार पृथ्वी पाल सिंह भारतीय सेना की एजुकेशन कोर में भटिंडा (पंजाब) में तैनात थे और हाल ही में छुट्टी पर अपने पैतृक गांव पूजा-पाठ के लिए आए हुए थे। शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे रानीखेत से हल्द्वानी लौटते समय वह बेतालघाट के शहीद बलवंत सिंह मोटर मार्ग पर धारी-उडियार के पास अपने छह वर्षीय बेटे और साथियों संग नहाने के लिए रुके थे। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह नदी के गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गए।
3 किमी दूर पत्थरों के बीच मिला शव; मासूम बेटे के सिर से उठा पिता का साया
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कोसी नदी में सघन खोज एवं बचाव अभियान चलाया। घटनास्थल से लगभग तीन किलोमीटर दूर पत्थरों के बीच से नायब सूबेदार का शव बरामद किया गया। जवान की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। अपने पिता के पार्थिव शरीर को देखकर उनका छह वर्षीय इकलौता बेटा बेसुध हो गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

