हल्द्वानी (26 मई 2026): नैनीताल-ऊधमसिंह नगर संसदीय क्षेत्र के सांसद और पूर्व रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट के विशेष और निरंतर प्रयासों के चलते कुमाऊं क्षेत्र के रेल यात्रियों को रेल मंत्रालय की ओर से एक बड़ी सौगात मिली है। अब तक विशेष गाड़ी (स्पेशल ट्रेन) के रूप में चल रही मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम सुपरफास्ट एक्सप्रेस को अब रेलवे बोर्ड ने नियमित (स्थायी) संचालन की मंजूरी दे दी है। इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए सांसद अजय भट्ट ने देश के रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का सहृदय आभार व्यक्त किया है। रेलवे प्रशासन द्वारा लिए गए निर्णय के अनुसार, पूर्व में विशेष गाड़ी के रूप में संचालित होने वाली ट्रेन संख्या 09075/09076 अब नियमित होकर नए ट्रेन नंबर 21907/21908 के रूप में पटरियों पर दौड़ेगी।
सांसद अजय भट्ट ने कुमाऊं क्षेत्र और मुंबई में रहने वाले लाखों उत्तराखंड प्रवासियों की सुविधा के मद्देनजर इस ट्रेन को स्थायी करने के लिए कई बार रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से व्यक्तिगत मुलाकात कर पैरवी की थी। रेलवे द्वारा जारी समय-सारणी के अनुसार, ट्रेन संख्या 21907 मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम सुपरफास्ट साप्ताहिक एक्सप्रेस का नियमित संचालन 27 मई 2026 से प्रत्येक बुधवार को मुंबई सेंट्रल से किया जाएगा। यह ट्रेन मुंबई से सुबह 10:55 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर में हल्द्वानी होते हुए 1:50 बजे काठगोदाम पहुंचेगी। वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 21908 काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल सुपरफास्ट एक्सप्रेस 28 मई 2026 से प्रत्येक गुरुवार को काठगोदाम से शाम 5:30 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन रात 9:00 बजे मुंबई सेंट्रल पहुंचेगी।
यह सुपरफास्ट ट्रेन अपनी यात्रा के दौरान हल्द्वानी, लालकुआं, किच्छा, बहेड़ी, बरेली, मथुरा, कोटा, रतलाम, वडोदरा और सूरत सहित देश के कई प्रमुख व्यावसायिक और राजनैतिक स्टेशनों पर ठहराव करेगी, जिससे व्यापारियों, पर्यटकों और आम यात्रियों को बेहद सुगम कनेक्टिविटी मिलेगी। रेलवे प्रशासन के मुताबिक, यात्रियों के आरामदायक सफर के लिए इस ट्रेन में कुल 18 आधुनिक कोच लगाए जाएंगे, जिनमें सामान्य श्रेणी (General), शयनयान (Sleeper), एसी थर्ड (AC 3 Tier) और एसी सेकेंड (AC 2 Tier) श्रेणी के कोच शामिल रहेंगे। कुमाऊं के पर्यटन और मुंबई में रह रहे प्रवासियों के लिए इस ट्रेन का नियमित होना एक ऐतिहासिक और बड़ी राहत देने वाला फैसला माना जा रहा है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

