उत्तराखंड पुलिस की बड़ी सफलता: बुटीक की आड़ में चल रहे चरस तस्करी के खेल का भंडाफोड़, किच्छा की बड़ी चोरी का भी खुलासा
हल्द्वानी/रुद्रपुर: उत्तराखंड पुलिस और एसटीएफ ने नशे के सौदागरों और शातिर चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। नैनीताल जिले के काठगोदाम क्षेत्र में संयुक्त टीम ने एक बुटीक पर छापेमारी कर भारी मात्रा में चरस बरामद की है, वहीं ऊधम सिंह नगर पुलिस ने किच्छा में हुई लाखों की चोरी का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
बुटीक में कपड़ों के बीच छिपी थी 10 लाख की चरस
काठगोदाम पुलिस, एएनटीएफ और एसटीएफ कुमाऊं की संयुक्त टीम ने दमुवाढूंगा के देवखड़ी इलाके में स्थित “डी फैशन बुटीक” पर अचानक दबिश दी। पुलिस को सूचना मिली थी कि इस दुकान की आड़ में नशे का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा है। तलाशी के दौरान टीम ने 5 किलो 2 ग्राम चरस बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 10 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से दुकान संचालक प्रवीण आर्या (हल्द्वानी) और बलवंत सिंह (बागेश्वर) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में पता चला कि यह चरस बागेश्वर से लाकर नैनीताल के इलाकों में सप्लाई की जानी थी।
किच्छा चोरी कांड: 500 CCTV खंगालने के बाद सलाखों के पीछे पहुंचे चोर
दूसरी ओर, ऊधम सिंह नगर पुलिस ने किच्छा की आवास विकास कॉलोनी में 19 अप्रैल की रात हुई एक बड़ी चोरी का सफल खुलासा किया है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर गठित टीमों ने किच्छा से लेकर बरेली और रामपुर तक करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सितारगंज से दीपक गुप्ता, अकील अहमद और दीपक रस्तोगी को गिरफ्तार किया।
बरामदगी का विवरण:
-
सोना: 389 ग्राम जेवरात
-
चांदी: 3 किलो 417 ग्राम आभूषण
-
नगदी: 3 लाख 485 रुपये
-
अन्य: एक मोटरसाइकिल, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और चोरी में प्रयुक्त उपकरण।
पुलिस की इन दोनों बड़ी कार्रवाइयों से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है। एसएसपी मंजू नाथ टीसी और एसएसपी अजय गणपति ने टीमों की इस तत्परता की सराहना की है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

