भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान: अनिल बलूनी लगातार तीसरी बार बने राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख, उत्तराखंड के 4 नेताओं को मिली जगह
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम की आधिकारिक घोषणा कर दी है, जिसमें उत्तराखंड के चार प्रमुख नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। इस नई कार्यकारिणी में पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, पौड़ी लोकसभा सांसद अनिल बलूनी, महेंद्र पांडेय और आलोक भट्ट को शामिल किया गया है। खास बात यह है कि पौड़ी गढ़वाल से सांसद अनिल बलूनी पर शीर्ष नेतृत्व ने एक बार फिर भरोसा जताते हुए उन्हें लगातार तीसरी बार राष्ट्रीय मीडिया संयोजक (राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख) की जिम्मेदारी सौंपी है।
31 मार्च 2017 से लगातार जिम्मेदारी, बलूनी बोले- मीडिया रणनीति को बनाएंगे और अधिक पेशेवर
अनिल बलूनी वर्ष 2017 से लगातार इस पद पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सबसे पहले 31 मार्च 2017 को तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने उन्हें यह जिम्मेदारी दी थी। इसके बाद पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और अब वर्तमान अध्यक्ष नितिन नवीन की टीम में भी उन्हें इस महत्वपूर्ण पद पर बनाए रखा गया है। नई जिम्मेदारी मिलने पर अनिल बलूनी ने कहा कि मीडिया और संचार लोकतंत्र का प्रमुख स्तंभ हैं और वह पार्टी की नीतियों व विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेंगे। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय व क्षेत्रीय स्तर पर पार्टी के संदेश को स्पष्ट रूप से पहुंचाने के लिए मीडिया प्रबंधन को और अधिक पेशेवर तथा तकनीकी बनाया जाएगा।
2027 के विधानसभा चुनावों के लिहाज से फैसला बेहद महत्वपूर्ण, कार्यकर्ताओं में खुशी
अनिल बलूनी की संवाद शैली, मीडिया रणनीति और अनुशासन को देखते हुए केंद्रीय नेतृत्व का यह फैसला काफी अहम माना जा रहा है, विशेषकर तब जब आगामी वर्ष 2027 में उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। पौड़ी गढ़वाल समेत पूरे प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस नियुक्ति पर खुशी जाहिर की है। स्थानीय नेताओं का मानना है कि राष्ट्रीय मंच पर बलूनी की मजबूत मौजूदगी से उत्तराखंड के विकास, बुनियादी ढांचे और पर्यटन से जुड़े क्षेत्रीय मुद्दों को केंद्र स्तर पर और अधिक मजबूती मिलेगी।

