देहरादून: स्कार्पियो के ‘सीक्रेट केबिन’ से डेढ़ करोड़ की नकदी बरामद; गुजरात के तीन युवक गिरफ्तार

खबर शेयर करें -

देहरादून: राजधानी में कैंट पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए भारी मात्रा में अवैध नकदी पकड़ी है। पुलिस ने महाराष्ट्र नंबर की एक संदिग्ध स्कार्पियो गाड़ी से 1 करोड़ 55 लाख रुपये बरामद किए हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि इतनी बड़ी रकम को छिपाने के लिए वाहन की सीटों के बीच एक विशेष ‘सीक्रेट केबिन’ बनाया गया था। पुलिस ने इस मामले में गुजरात के तीन व्यक्तियों को हिरासत में लेकर आयकर विभाग को सौंप दिया है।

सख्ती से पूछताछ में खुला ‘तिजोरी’ का राज

यह भी पढ़ें 👉  स्वच्छता सर्वेक्षण में काशीपुर की दमदार छलांग, अब देहरादून को पछाड़ने की तैयारी

शुक्रवार को राजेंद्र नगर कौलागढ़ क्षेत्र के सिरमौर मार्ग पर पुलिस टीमें वाहनों की चेकिंग कर रही थीं। इसी दौरान एक संदिग्ध स्कार्पियो को रोका गया। वाहन में चालक सतीश भाई (मेहसाणा, गुजरात) के साथ ठाकुर जसवंत संघ और सचिन पटेल (दोनों गुजरात निवासी) सवार थे। पुलिस द्वारा दस्तावेजों की मांग करने पर चालक टालमटोल करने लगा। जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो चालक ने गाड़ी के भीतर पिछली और बीच वाली सीट के बीच बने गुप्त केबिन में कैश छिपा होने की बात कबूल ली।

बनारस से देहरादून लाया गया था कैश

यह भी पढ़ें 👉  चार बच्चों को छोड़कर लापता हुई महिला; पति ने गांव के ही युवक पर लगाया अपहरण और ₹2 लाख फिरौती का आरोप

सूचना मिलते ही आयकर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अधिकारियों की मौजूदगी में गाड़ी की तलाशी ली गई। केबिन से कुल ₹1.55 करोड़ के नोट बरामद हुए, जिनके संबंध में तीनों आरोपी कोई भी वैध दस्तावेज या बिल पेश नहीं कर पाए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह पैसा बनारस (वाराणसी) से लेकर आए थे और इसे देहरादून में जसवंत नामक व्यक्ति को सौंपना था।

आयकर विभाग की टीम कर रही है जांच

सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल ने बताया कि पुलिस ने स्कार्पियो वाहन को सीज कर दिया है। बरामद धनराशि और हिरासत में लिए गए तीनों व्यक्तियों को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए आयकर विभाग के सुपुर्द किया गया है। आयकर विभाग की टीम आरोपियों के बयान दर्ज कर पैसे के असली स्रोत और इसके उद्देश्य की जांच कर रही है। शहर में अचानक इतनी बड़ी नकदी पकड़े जाने से हड़कंप मचा हुआ है।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं: गर्मियों की छुट्टियों में यात्रियों को बड़ी राहत; मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन का बढ़ा एक और फेरा