गदरपुर में भाजपा के ‘युवा संवाद’ में जमकर बवाल: सवाल पूछने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता से धक्का-मुक्की, दांत तोड़ने का आरोप; वीडियो वायरल

खबर शेयर करें -

गदरपुर। आवास विकास स्थित शहनाई वाटिका में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा द्वारा आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में बुधवार को उस समय भारी हंगामा और अफरा-तफरी मच गई, जब सवाल पूछने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता वंश शर्मा और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि नौबत धक्का-मुक्की और मारपीट तक पहुंच गई। कांग्रेस ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर वंश शर्मा की बेरहमी से पिटाई करने और उनका दांत तोड़ने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में राजनीतिक पारा चढ़ गया है।

हाथ में संविधान लेकर पहुंचे थे वंश शर्मा, पुलिस ने बचाकर पहुंचाया अस्पताल

कार्यक्रम में विधायक अरविंद पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल, युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुंदन लटवाल और रुद्रपुर मेयर विकास शर्मा युवाओं के प्रश्नों के उत्तर दे रहे थे। इसी बीच गदरपुर निवासी कांग्रेस कार्यकर्ता वंश शर्मा अपने हाथ में संविधान की प्रति लेकर पहुंचे और कहा कि ‘युवा संवाद’ में उन्हें भी सवाल पूछने का अधिकार है। इसी बात पर कहासुनी शुरू हुई और आरोप है कि धक्का-मुक्की के दौरान उनके हाथ से संविधान की प्रति छीन ली गई।

यह भी पढ़ें 👉  24 तारीख के महाआंदोलन को लेकर यूकेडी का आह्वान: भुवन बिष्ट ने बुलंद किया 'जय पहाड़, जय पहाड़ी!' का नारा, केंद्रीय शिक्षा मंत्री और धन सिंह रावत के इस्तीफे की मांग

माहौल गरमाता देख विधायक अरविंद पांडे ने हस्तक्षेप कर वंश शर्मा को मंच के समीप बैठकर शालीनता से सवाल पूछने को कहा। हालांकि, कुछ ही देर में दोबारा हंगामा शुरू हो गया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस बल ने वंश शर्मा को सुरक्षा घेरे में लेकर सरकारी गाड़ी से कोतवाली पहुंचाया और तत्पश्चात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं में श्रीमद्भागवत कथा का भव्य समापन: हवन-यज्ञ और विशाल भंडारे में उमड़े श्रद्धालु, भाजपा नेता कमलेश चंदोला ने लिया आशीर्वाद

कांग्रेस आक्रामक, भाजपा ने कहा— ‘माहौल खराब करने की साजिश’

  • कांग्रेस का आरोप: अस्पताल पहुंचे कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने वंश शर्मा के साथ अमानवीय बर्बरता की, जिससे उनका एक दांत टूट गया और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। कांग्रेस ने दोषियों पर तत्काल कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

  • भाजपा का पक्ष: भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल और रुद्रपुर मेयर विकास शर्मा ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम में व्यवधान डालने और अनावश्यक विवाद पैदा करने का सुनियोजित प्रयास था। विधायक अरविंद पांडे ने कहा, “हमारे सामने कोई मारपीट नहीं हुई। राजनीति के नाम पर युवाओं के बीच दुश्मनी पैदा नहीं की जानी चाहिए।” उनके पुत्र अतुल पांडे ने भी विवाद में शामिल होने से इनकार किया।

राहुल गांधी के काफिले के साथ दौड़ने से चर्चा में आए थे वंश

उल्लेखनीय है कि वंश शर्मा हाल ही में देहरादून में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के दौरे के दौरान उनके काफिले के साथ करीब २०० मीटर तक दौड़कर जिंदाबाद के नारे लगाने के कारण सुर्खियों में आए थे। उस वक्त राहुल गांधी ने अपनी गाड़ी रुकवाकर उनसे मुलाकात भी की थी।

यह भी पढ़ें 👉  दीपा चंदोला के जन्मदिन पर हल्दूचौड़ में सुबह ही उमड़ा जनसैलाब, वरिष्ठ भाजपा नेता कमलेश चंदोला ने जताया जनता का आभार कहा— 'यह असीम स्नेह जनसेवा की प्रेरणा'
Ad