मतदाता सूची के शुद्धिकरण को चीमा ने दी धार, परिवार सहित कराया नाम दर्ज

खबर शेयर करें -

 

खुद बने उदाहरण, नागरिकों से समय रहते मतदाता सूची में नाम सत्यापित कराने की अपील

 

राजू अनेजा,काशीपुर। लोकतंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में काशीपुर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने शनिवार को स्वयं पहल करते हुए अपने पूरे परिवार के साथ एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची में नाम दर्ज कराया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी मतदाता सूची में अपने नाम का सत्यापन कराने और पात्र सदस्यों का नाम जुड़वाने की अपील की।
विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती का आधार शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची है। यदि मतदाता सूची सही होगी तो चुनाव प्रक्रिया भी अधिक पारदर्शी और मजबूत बनेगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का वोट लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और हर पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आज उन्होंने अपने पूरे परिवार के साथ एसआईआर प्रक्रिया के तहत अपना नाम दर्ज कराया है। इसके माध्यम से वह जनता को यह संदेश देना चाहते हैं कि मतदान का अधिकार केवल अधिकार नहीं बल्कि जिम्मेदारी भी है। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे समय रहते अपने मतदाता विवरण का सत्यापन कर लें और जिन पात्र सदस्यों का नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है, उनका नाम भी अवश्य दर्ज कराएं।
विधायक चीमा ने कहा कि एक जागरूक मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र की पहचान है। जनता का एक-एक वोट क्षेत्र, राज्य और देश के विकास की दिशा तय करता है। इसलिए सभी नागरिकों को इस अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करनी चाहिए।
इस अवसर पर पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा, तहसीलदार पंकज चंदोला, एएलएमटी जगप्रीत सिंह तथा संबंधित बीएलओ मौजूद रहे। अधिकारियों ने मतदाता पंजीकरण और सत्यापन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए लोगों को आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया।
विधायक चीमा ने अंत में कहा कि लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक का सहयोग जरूरी है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से एसआईआर अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और इसे सफल बनाने का आह्वान किया।

अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  चेयरमैन का ताज सजने बनने के बाद क्या होगा अभिषेक का अगला कदम?