
राजू अनेजा, काशीपुर।भीषण गर्मी में पानी के लिए भटकते राहगीरों एवं शहर वासियों को अब बड़ी राहत मिलने वाली है। शहर में बढ़ती तपिश और पेयजल संकट को देखते हुए मेयर दीपक बाली ने मास्टर प्लान तैयार किया है, जिसके तहत नगर निगम करीब एक करोड़ रुपये खर्च कर शहरभर में पानी की व्यापक व्यवस्था करने जा रहा है।
इस योजना के तहत नगर निगम द्वारा 70 इंडिया मार्का हैंडपंप लगाए जाएंगे, जिससे उन इलाकों में भी पानी पहुंचेगा जहां अब तक कोई स्थायी व्यवस्था नहीं थी। खास बात यह है कि योजना को जमीन पर उतारने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और जल्द ही इसका असर दिखाई देने लगेगा।
जहां जरूरत, वहीं लगेगा हैंडपंप
नगर निगम ने साफ रणनीति बनाई है कि हैंडपंप उन्हीं स्थानों पर लगाए जाएंगे, जहां लोगों की आवाजाही अधिक है और पेयजल की सुविधा न के बराबर है। इसके तहत मुख्य बाजार, बस स्टैंड, चौराहे और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थान प्राथमिकता में रखे गए हैं, ताकि राहगीरों को सीधा फायदा मिल सके।
ठंडे पानी के कूलर और प्याऊ से मिलेगी राहत
मेयर दीपक बाली की इस योजना में सिर्फ हैंडपंप ही नहीं, बल्कि शहर के प्रमुख स्थानों पर ठंडे पानी के वाटर कूलर और प्याऊ लगाने का भी प्रस्ताव है। इसके लिए स्थान चिन्हित किए जा रहे हैं, ताकि भीषण गर्मी के दौरान लोगों को ठंडा और स्वच्छ पानी मिल सके।
टेंडर प्रक्रिया पूरी, काम ने पकड़ी रफ्तार
नगर निगम प्रशासन ने हैंडपंप लगाने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। अधिकारियों के अनुसार, काम तेजी से कराया जा रहा है, जिससे आने वाले दिनों में शहर के अलग-अलग हिस्सों में पानी की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी।
बाली खुद कर रहे मॉनिटरिंग
सूत्रों के मुताबिक, मेयर दीपक बाली इस पूरे प्रोजेक्ट पर खुद नजर बनाए हुए हैं। उनका फोकस साफ है—गर्मी के मौसम में किसी भी राहगीर को प्यास से परेशान न होना पड़े।
जनता को सीधा फायदा
इस योजना से न केवल राहगीरों को राहत मिलेगी, बल्कि उन क्षेत्रों में भी पेयजल की समस्या दूर होगी, जहां अब तक लोग पानी के लिए परेशान रहते थे।
गर्मी के सितम के बीच मेयर दीपक बाली का यह मास्टर प्लान शहर के लिए राहत की बड़ी सौगात बनकर सामने आ रहा है। अगर योजना तय समय पर पूरी हुई, तो इस बार गर्मी में काशीपुर की सड़कों पर प्यास नहीं, बल्कि राहत नजर आएगी।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

