
हल्द्वानी/देहरादून: उत्तराखंड की सियासत में अपनी जमीन मजबूत कर रही लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने संगठन विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के निर्देशों और प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह ठाकुर की संस्तुति पर प्रवीण कुमार कांडपाल को उत्तराखंड प्रदेश का ‘प्रदेश सचिव’ नियुक्त किया गया है।
प्रवीण कुमार कांडपाल मूल रूप से लालकुआँ (नैनीताल) के रहने वाले हैं। पार्टी नेतृत्व ने संगठन के प्रति उनके समर्पण, निष्ठा और सक्रिय योगदान को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर हरी झंडी
नियुक्ति पत्र के अनुसार, कांडपाल की यह नियुक्ति 25 अप्रैल 2026 (अक्षय तृतीया) से प्रभावी मानी गई है। प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह ठाकुर द्वारा जारी नियुक्ति पत्र में कांडपाल से यह अपेक्षा की गई है कि वे राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान की नीतियों और विचारों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए तन, मन और धन से समर्पित होकर कार्य करेंगे। पार्टी नेतृत्व ने विश्वास जताया है कि उनकी सक्रियता से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूती मिलेगी।
2027 विधानसभा चुनावों पर नजर
विदित हो कि हाल ही में पार्टी के प्रदेश प्रभारी पवन वर्मा ने देहरादून में एक प्रेस वार्ता के दौरान स्पष्ट किया था कि लोजपा (रामविलास) उत्तराखंड में एक प्रमुख राजनीतिक शक्ति के रूप में उभर रही है। उन्होंने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की तैयारियों और संभावित उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया शुरू होने के संकेत दिए थे।
वर्मा ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनसंपर्क अभियान तेज करने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए थे। प्रवीण कुमार कांडपाल की प्रदेश सचिव के पद पर नियुक्ति को इसी चुनावी रणनीति और संगठन विस्तार के हिस्से के रूप में देखा जा रहा है। कांडपाल की नियुक्ति पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई दी है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

