रुद्रपुर: सिडकुल की नामी कंपनी की महिला HR मैनेजर ने फांसी लगाकर की आत्महत्या; कोर्ट में चल रहा था तलाक का केस

खबर शेयर करें -

रुद्रपुर: उधम सिंह नगर जनपद के रुद्रपुर से एक बेहद चौंकाने वाली और दुखद खबर सामने आई है। यहां सिडकुल की एक प्रतिष्ठित कंपनी में एचआर (HR) मैनेजर के पद पर कार्यरत 37 वर्षीय महिला का शव उनके घर में फंदे से लटकता हुआ बरामद हुआ है। इस सनसनीखेज घटना से जहां कंपनी प्रबंधन और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है, वहीं मृतका के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

अकेले रहती थीं महिला मैनेजर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से आशीर्वाद कॉलोनी (गंगापुर, ट्रांजिट कैंप) निवासी प्रभा शर्मा (37 वर्ष) पुत्री सतीश कुमार शर्मा सिडकुल क्षेत्र की एक नामी फैक्ट्री में एचआर मैनेजर थीं। प्रभा का विवाह वर्ष 2022 में अंकित गर्ग नाम के युवक के साथ हुआ था, लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच अनबन शुरू हो गई। वर्तमान में पति-पत्नी के बीच न्यायालय में तलाक (Divorce) का मामला विचाराधीन चल रहा था। वैवाहिक विवाद के चलते प्रभा आशीर्वाद कॉलोनी स्थित अपने पिता के दूसरे मकान में बिल्कुल अकेली रह रही थीं।

यह भी पढ़ें 👉  रुद्रपुर में नेपाल मूल की सिडकुल कर्मी युवती की संदिग्ध मौत: सड़क किनारे मिली बेहोश; अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

पिता के पहुंचने से पहले ही लगा ली फांसी

मकान के निचले हिस्से में इन दिनों निर्माण कार्य चल रहा है, जिसकी देखरेख के लिए प्रभा के पिता सतीश कुमार शर्मा रोजाना अपने मुख्य आवास से वहां आया करते थे। मंगलवार सुबह पिता सतीश कुमार ने बेटी प्रभा को फोन कर जानकारी दी कि वह कुछ ही देर में निर्माण कार्य देखने वहां पहुंच रहे हैं। इसी बातचीत के कुछ ही देर बाद प्रभा ने खौफनाक कदम उठा लिया। जब पिता मकान पर पहुंचे, तो उन्होंने प्रभा को छत पर जाने वाली सीढ़ियों के पास रस्सी के फंदे से लटका हुआ पाया। बेटी को इस हाल में देख पिता के पैरों तले जमीन खिसक गई।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं व्यापार मंडल चुनाव: महामंत्री पद पर अमजद खान की दावेदारी से सरगर्मियां तेज; अन्य प्रत्याशियों में खलबली

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस मौके पर पहुंची। महिला अधिकारी और विवाहिता से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव का पंचनामा (पंचायतनामा) भरने की वैधानिक कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस मृतका के मोबाइल कॉल डिटेल्स और पारिवारिक पृष्ठभूमि को खंगाल रही है ताकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून के निजी अस्पताल के ICU में लगी भीषण आग; वेंटिलेटर पर महिला मरीज की मौत, 10 घायल, 3 जांबाज पुलिसकर्मी भी भर्ती