गणेश गोदियाल : ऐसे मझे खिलाड़ी जो राजनीति के चौसर की सभी चालो से हैं वाकिफ

श्रीनगर: बीते कुछ दिनों पहले हुए सियासी घटनाक्रम में भले ही श्रीनगर विधानसभा से आने वाले बीजेपी के दिग्ग्ज नेता धन सिंह रावत को मुख्य मंत्री की रेस में पिछड़ना पड़ा हो, मगर इस बार उनकी कमी पूर्व विधायक गणेश गोदियाल ने पूरी कर दी है. श्रीनगर विधासभा से आने वाले गणेश गोदियाल को कांग्रेस में अध्यक्ष पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है.
कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर गणेश गोदियाल का नाम फाइनल हो गया है. कांग्रेस आलाकमान प्रदेश में चुनाव से पहले अध्यक्ष पद पर किसी ऐसे मझे खिलाड़ी को बिठाना चाहता था जो राजनीति के चौसर की सभी चालो से वाकिफ हो, ऐसे में श्रीनगर विधानसभा सीट से पूर्व विधायक रहे गणेश गोदियाल का नाम इस रेस में आगे चल रहा था. गणेश गोदियाल हरीश रावत के करीबी माने जाते हैं. गणेश उत्तराखंड की राजनीति के गणित को भली भांति समझते हैं, इसके आलवा उनका हर मुद्दे पर मुखर होना, कार्यकर्ताओं के बीच पहुंच, सुगम उपलब्धता उन्हें इस दौड़ मै सबसे आगे ले गई. जिसका नतीजा ये रहा कि आज उन्हें कांग्रेस की कमान सौंपी गई.
दिलचस्प होगी श्रीनगर की लड़ाई: गणेश गोदियाल को कांग्रेस की जिम्मेदारी मिलने के बाद आने वाले चुनावों में श्रीनगर विधानसभा की जंग और भी दिलचस्प हो जाएगी. यहां एक ओर बीजेपी के कद्दावर मंत्री धन सिंह रावत होंगे तो उन्हें चुनौती देने के लिए दूसरी तरफ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल होंगे. अब तक दोनों के बीच हुई चुनावी जंग में राजानीति के ये दोनों माहिर खिलाड़ी एक दूसरे को एक-एक बार मात दे चुके हैं. ऐसे में आने वाली सियासी लड़ाई दोनों के कद के लिहाज से अपने आप में बेहद खास हो जाती है.

