अखिलेश यादव के ‘घुसपैठिया’ वाले बयान पर हल्दूचौड़ भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय रोहित दुमका का तीखा पलटवार, कहा— “यह पूरे उत्तराखंडवासियों के स्वाभिमान का अपमान”

उत्तराखंड की बेटी डिंपल यादव के पति होकर भी राज्य के लोगों को 'घुसपैठिया' कहना ओछी मानसिकता का प्रतीक

खबर शेयर करें -

हल्दूचौड़/लालकुआं:
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव द्वारा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर दिए गए ‘घुसपैठिया’ वाले बयान पर उत्तराखंड में भाजपा का आक्रोश भड़क उठा है। हल्दूचौड़ भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय रोहित दुमका ने इस बयान पर कड़ा ऐतराज जताते हुए इसे पूरे उत्तराखंड का अपमान बताया है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की इस ओछी टिप्पणी से हर उत्तराखंडवासी आहत है और इसके लिए उन्हें राज्य की जनता से माफी मांगनी चाहिए।
प्रेस को जारी बयान में भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय रोहित दुमका ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सनातन धर्म के प्रहरी हैं और मूल रूप से उत्तराखंड के निवासी हैं। उन पर अखिलेश यादव द्वारा ‘घुसपैठिया’ शब्द का प्रयोग करना उनके मानसिक दिवालियापन को दर्शाता है। उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहना देवभूमि की जनता के स्वाभिमान और राज्य गठन के लिए किए गए लंबे संघर्ष का घोर अपमान है। दुमका ने इस मामले पर उत्तराखंड कांग्रेस की चुप्पी पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं और पूछा है कि उत्तराखंड के अपमान पर कांग्रेस नेता मौन क्यों हैं?
मुजफ्फरनगर कांड की दिलाई याद
रोहित दुमका ने इतिहास की याद दिलाते हुए कहा कि उत्तराखंड के लोग आज भी उस काले दौर को नहीं भूले हैं जब अखिलेश यादव के पिता मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे। उस समय पृथक उत्तराखंड राज्य की मांग कर रहे निहत्थे आंदोलनकारियों पर मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहा में क्रूरतापूर्वक गोलियां चलवाई गई थीं। समाजवादी पार्टी का उत्तराखंड और यहां के निवासियों के प्रति विरोध का इतिहास पुराना है, जो आज अखिलेश यादव के बयान के रूप में फिर सामने आया है।
पारिवारिक रिश्तों का दिया हवाला
अखिलेश यादव को आड़े हाथों लेते हुए दुमका ने कहा कि अखिलेश यादव का उत्तराखंड से गहरा पारिवारिक संबंध है। उनकी पत्नी डिंपल यादव उत्तराखंड की बेटी हैं और उनके छोटे भाई की पत्नी अपर्णा यादव का संबंध भी इसी देवभूमि से है। ऐसे में जिस राज्य से उनका खुद का पारिवारिक नाता हो, वहां के मूल निवासियों को ‘घुसपैठिया’ कहना बेहद शर्मनाक और मर्यादाविहीन है।
उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि उत्तराखंड की स्वाभिमानी जनता अपने और अपने राज्य के प्रहरियों का अपमान कभी बर्दाश्त नहीं करेगी और आने वाले समय में इसका करारा जवाब देगी।
अखिलेश यादव को मानसिक दिवालियापन और तुष्टिकरण की राजनीति छोड़ देवभूमि की जनता से सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए:
विजय रोहित दुमका
यह भी पढ़ें 👉  विकास की रफ्तार में सिमटते गजराज के रास्ते ! प्यास बुझाने आखिर जाएं तो जाएं कहां? रेलवे ट्रैक पर नर हाथी की मौत ने खड़े किए कई सवाल
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  विधानसभा सत्र के अंतिम दिन भारी हंगामा; विपक्ष ने दिखाए आक्रामक तेवर, काले झंडे लहराए और फाड़ीं कार्यसूची की प्रतियां, हंगामे के बीच 7,844 करोड़ का अनुपूरक बजट पारित