हल्द्वानी: दोस्त की मौत से सदमे में आए होनहार छात्र का हाई वोल्टेज ड्रामा; 30 फीट ऊंची रेलिंग पर 2 घंटे तक अटकी रही सांसें

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी: शहर की त्रिलोक कॉलोनी में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां आईआईटी बेंगलुरु के एक छात्र ने अपने घर की छत की रेलिंग पर चढ़कर करीब दो घंटे तक पुलिस और दमकल विभाग को छकाए रखा। 20 वर्षीय इस छात्र ने न केवल खुद की जान जोखिम में डाली, बल्कि रेस्क्यू करने आए दमकल कर्मियों पर भी हमला कर दिया। अंततः पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने सूझबूझ से छात्र को सुरक्षित नीचे उतारा।

सुबह 5 बजे शुरू हुआ ड्रामा, कुंडी लगाकर रेलिंग पर चढ़ा छात्र

घटना सुबह करीब 5:00 बजे की है, जब छात्र घर की छत पर गया और भीतर से मुमटी की कुंडी लगाकर खुद को बंद कर लिया। इसके बाद वह जमीन से लगभग 30 फीट ऊंची सिंगल रेलिंग पर चढ़ गया और वहां लगातार कदमताल करने लगा। सूचना मिलते ही एसआई नरेंद्र कुमार और पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन छात्र ने घर के अंदर जाने का रास्ता बंद कर रखा था। पुलिस ने पड़ोस की छतों से छात्र को समझाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ।

यह भी पढ़ें 👉  महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, सड़क पर उतरा गुस्सा… पुतला दहन कर जताया विरोध

रेस्क्यू के दौरान दमकलकर्मी पर हमला

सुबह 7:00 बजे दमकल की टीम ने रणनीति बदली और मकान के पीछे से सीढ़ी लगाकर चुपके से छत पर चढ़ने में कामयाबी पाई। इस बीच छात्र आक्रोशित हो गया और हाथ में पकड़े ‘पाटल’ (तेजधार हथियार) को लहराने लगा, जिससे एक दमकलकर्मी जख्मी हो गया। हालांकि, भारी मशक्कत के बाद उसे काबू में कर सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान छात्र की मां का रो-रोकर बुरा हाल था।

यह भी पढ़ें 👉  पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा के बड़े भाई अमरजीत सिंह चीमा का लंबी बीमारी के चलते निधन, 28 मई को होगी अंतिम अरदास

दोस्त की मौत ने मानसिक रूप से तोड़ा

सीओ अमित सैनी ने बताया कि 20 वर्षीय यह छात्र बचपन से ही पढ़ाई में बहुत होनहार रहा है और वर्तमान में आईआईटी बेंगलुरु में अध्ययनरत है। जांच में सामने आया कि हाल ही में एक करीबी दोस्त की आकस्मिक मृत्यु ने उसे गहरे मानसिक तनाव में डाल दिया था, जिसके चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया। छात्र जिस मकान में रहता है, उसके स्वामी दिल्ली में रहते हैं।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं व्यापार मंडल चुनाव: मुख्य चुनाव अधिकारी ने नियुक्त किए 5 सहायक अधिकारी; आज होगा चुनावी कार्यालय का शंखनाद

कॉलोनी के लोगों ने जताया आभार

छात्र के सफल रेस्क्यू के लिए काठगोदाम और मुखानी थाने की पुलिस फोर्स के साथ-साथ दमकल विभाग के जवानों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी। छात्र की जान बचने पर त्रिलोक कॉलोनी के निवासियों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड की तत्परता और जांबाजी के लिए उनका आभार व्यक्त किया है। फिलहाल छात्र को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर उसका उपचार कराया जा रहा है।