हल्द्वानी: नगर निगम कर्मचारी ने संदिग्ध परिस्थितियों में की आत्महत्या, फंदे से लटका मिला शव; जांच में जुटी पुलिस
हल्द्वानी (23 अप्रैल 2026): मुखानी थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक दिल दहला देने वाली घटना में हल्द्वानी नगर निगम के एक ठेका कर्मी ने पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
सोने गया था दूसरे कमरे में, सुबह खिड़की से दिखा खौफनाक मंजर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखानी निवासी कुंदन चंद्र (35 वर्ष) हल्द्वानी नगर निगम में बतौर ड्राइवर ठेके पर कार्यरत थे। बुधवार रात कुंदन ने अपने परिवार के साथ सामान्य रूप से खाना खाया। इसके बाद उनकी पत्नी अपने बेटे के साथ एक कमरे में सोने चली गई, जबकि कुंदन दूसरे कमरे में सोने चले गए।
गुरुवार सुबह जब काफी देर तक कुंदन कमरे से बाहर नहीं निकले, तो पत्नी को चिंता हुई। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। जब उन्होंने खिड़की से झांककर देखा, तो कुंदन दुपट्टे के सहारे पंखे से लटके हुए थे। परिजनों ने आनन-फानन में दरवाजा तोड़कर उन्हें नीचे उतारा और डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बीमारी या मानसिक तनाव? पुलिस कर रही जांच
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या की वजह फिलहाल रहस्य बनी हुई है।
सीओ अमित सैनी का बयान:
“मामले की गहनता से पूछताछ की जा रही है। परिजनों से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुंदन पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे, जिसके कारण वह अक्सर परेशान रहते थे। हो सकता है कि बीमारी से उपजे मानसिक तनाव के कारण उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया हो। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।”
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
कुंदन अपने पीछे पत्नी और एक बेटा छोड़ गए हैं। अचानक हुई इस घटना से नगर निगम के उनके साथियों और मोहल्ले में शोक की लहर है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

