लालकुआं : सरप्राइज बर्थडे की खुशियां मातम में बदली, पत्नी का जन्मदिन मनाने घर आए नवविवाहित युवक की संदिग्ध मौत

लालकुआं। हल्दूचौड़ (दीना डी क्लास) निवासी एक युवक की अपनी पत्नी के जन्मदिन के ठीक अगले दिन संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान 30 वर्षीय कमल आर्य के रूप में हुई है, जिसकी महज दो महीने पहले ही बीते 30 अप्रैल को बिंदुखत्ता निवासी युवती से धूमधाम से शादी हुई थी। कमल हरिद्वार स्थित हीरो कंपनी की फैक्ट्री में कार्यरत था और गुरुवार को अपनी पत्नी को सरप्राइज देने और उसका जन्मदिन मनाने के लिए खास तौर पर छुट्टी लेकर घर आया था।
गुरुवार रात पूरे परिवार ने बेहद उत्साह के साथ कमल की पत्नी का जन्मदिन मनाया और केक काटने व खाना खाने के बाद कमल सोने चला गया। शुक्रवार सुबह उसे वापस ड्यूटी पर लौटने के लिए लालकुआं से सुबह 6 बजे की ट्रेन पकड़नी थी, जिसके लिए उसने मोबाइल में अलार्म भी लगाया था और पत्नी से जल्दी जगाने को कहा था। सुबह जब अलार्म बजा और कमल नहीं उठा, तो पत्नी ने उसे जगाने का प्रयास किया। शरीर में कोई हलचल न होने पर घबराई पत्नी के शोर मचाने के बाद परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे।
अचेत अवस्था में कमल को आनन-फानन में हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। तीन भाइयों में सबसे छोटे कमल की इतनी कम उम्र में अचानक हुई इस मौत से शादी वाले घर की खुशियाँ पल भर में मातम में बदल गईं और परिवार में कोहराम मच गया। डॉक्टरों का प्राथमिक तौर पर मानना है कि मौत की वजह साइलेंट हार्ट अटैक हो सकती है। पुलिस और डॉक्टरों के अनुसार शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

