नैनीताल: स्थानांतरण से आहत कोतवाल ने खुद को कमरे में किया बंद; पुलिस महकमे में हड़कंप

खबर शेयर करें -

नैनीताल: शहर की मल्लीताल कोतवाली में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब कोतवाल ने खुद को कमरे में बंद कर लिया. काफी देर तक दरवाजा खटखटाने और आवाज देने के बाद भी जब भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो अनहोनी की आशंका में पुलिसकर्मी दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुए. कमरे के भीतर कोतवाल रोते-बिलखते हुए मिले, जिसके बाद आनन-फानन में उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे.

महिला कर्मी के स्थानांतरण और एसएसपी से बहस की चर्चा

यह भी पढ़ें 👉  नर्सिंग बेरोजगारों का आंदोलन हुआ उग्र; ज्योति रौतेला ने खुद पर छिड़का पेट्रोल, 40 घंटे से टंकी पर जारी है धरना

घटना के पीछे का कारण स्थानांतरण से उपजा तनाव बताया जा रहा है. चर्चा है कि कुछ समय पूर्व कोतवाली में तैनात एक महिला पुलिसकर्मी का स्थानांतरण हुआ था, जिसे रुकवाने के लिए कोतवाल ने एसएसपी से गुहार लगाई थी. इस विषय पर कोतवाल और एसएसपी के बीच तीखी बहस होने की भी चर्चा है. इसके बाद मंगलवार को कोतवाल की संबद्धता समाप्त कर उनका स्थानांतरण अल्मोड़ा कर दिया गया, जिससे वह गहरे मानसिक तनाव में थे.

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: दमुवाढूंगा में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत; स्मैक की ओवरडोज बनी संभावित कारण

परिजनों के साथ भेजे गए कोतवाल

बुधवार सुबह करीब सवा दस बजे तक जब कोतवाल अपने आवास से बाहर नहीं निकले, तो कोतवाली में हड़कंप मच गया. दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे कर्मियों ने उन्हें बेसुध हालत में रोते हुए पाया. सूचना मिलते ही सीओ अंजना नेगी और एलआईयू की टीम मौके पर पहुंची और पत्रकारों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई. कई घंटों की निगरानी के बाद पुलिस ने परिजनों को बुलाकर कोतवाल को उनके साथ भेज दिया है. फिलहाल उनकी रवानगी पुलिस लाइन की गई है, हालांकि पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी इस संवेदनशील मामले पर कुछ भी कहने से बच रहे हैं.

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: परिवार का सहारा बनने दिल्ली गई निशा की पति ने की हत्या; दूसरी शादी के 10 दिन के भीतर बेड में मिला शव