कांग्रेस विधायक के बदले सुर: सीएम धामी की जमकर की तारीफ, बोले— ‘मेरी विधानसभा में हो रहे सबसे ज्यादा काम’

खबर शेयर करें -

चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर के पुलिस मैदान में आयोजित ‘जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में एक दिलचस्प सियासी वाकया देखने को मिला। बदरीनाथ विधानसभा सीट से नवनिर्वाचित कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला ने मंच से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विकास कार्यों की जमकर सराहना की। विपक्षी विधायक के इन बदले हुए सुरों को लेकर अब राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

कार्यक्रम के दौरान मंच से बोलते हुए कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला ने कहा कि अक्सर लोग आरोप लगाते हैं कि विपक्ष के विधायकों के क्षेत्रों के साथ भेदभाव हो रहा है, लेकिन उनके विधानसभा क्षेत्र बदरीनाथ में इस समय सबसे अधिक विकास कार्य हो रहे हैं, जिसके लिए वे मुख्यमंत्री धामी का दिल से धन्यवाद करते हैं। इसके साथ ही बुटोला ने सीएम धामी को बतौर मुख्यमंत्री 5 साल का कार्यकाल (सामूहिक रूप से) पूरा करने की ओर बढ़ने पर बधाई भी दी। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री से जिला चिकित्सालय को मेडिकल कॉलेज बनाने की मांग की और साथ ही बदरीनाथ धाम में हाल ही में सामने आई वित्तीय अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच के लिए एक उच्च स्तरीय कमेटी गठित करने की भी अपील की।

यह भी पढ़ें 👉  बदरीनाथ दान चोरी मामले में पूर्व सीएम कोश्यारी का बड़ा बयान: बोले— 'कुछ कलयुगी भक्त हैं, जेल जाकर ही इनकी अक्ल ठिकाने आएगी'

विधायक ने जनता के हित में सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की भी सराहना की। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से आह्वान किया कि वे यह सुनिश्चित करें कि इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचे और कोई भी पात्र व्यक्ति इससे वंचित न रहे।

यह भी पढ़ें 👉  गोलू देवता के दरबार में उक्रांद की न्याय की पुकार: बढ़ते भ्रष्टाचार और पहाड़ के शोषण के खिलाफ उत्तराखंड क्रांति दल ने लिया संघर्ष का संकल्प

हाल ही में सरकार पर साधा था निशाना

लखपत बुटोला की यह तारीफ इसलिए भी चर्चा का विषय बनी हुई है क्योंकि कुछ ही दिनों पहले उन्होंने देहरादून स्थित कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस वार्ता कर सरकार पर बड़ा हमला बोला था। तब उन्होंने दावा किया था कि भाजपा के ही 8 से 9 विधायक अपनी सरकार से नाराज चल रहे हैं और उन्होंने गैरसैंण सत्र के दौरान बुटोला से संपर्क कर सरकार के खिलाफ आवाज उठाने को कहा था। ऐसे तल्ख बयानों के ठीक बाद, आज शासकीय मंच से मुख्यमंत्री के प्रति उनके इस बदले रुख ने सबको चौंका दिया है।

यह भी पढ़ें 👉  गोलू देवता के दरबार में उक्रांद की न्याय की पुकार: बढ़ते भ्रष्टाचार और पहाड़ के शोषण के खिलाफ उत्तराखंड क्रांति दल ने लिया संघर्ष का संकल्प
Ad