मर्चूला में मर्यादा तार-तार: श्मशान घाट पर रचाई गई शादी, पवित्र संगम के अंत्येष्टि स्थल पर जयमाला देख भड़के लोग
अल्मोड़ा/मर्चूला (27 अप्रैल 2026): उत्तराखंड को ‘डेस्टिनेशन वेडिंग हब’ बनाने की सरकार की कोशिशों के बीच अल्मोड़ा के मर्चूला में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ रामगंगा और बदनगढ़ नदी के संगम पर स्थित एक प्राचीन अंत्येष्टि स्थल (श्मशान घाट) पर विवाह समारोह का आयोजन किया गया। जिस स्थान पर इंसान की अंतिम यात्रा संपन्न होती है, वहाँ नवविवाहित जोड़े द्वारा जीवन की नई शुरुआत करने का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर आक्रोश फूट पड़ा है।
श्मशान बना ‘वेडिंग डेस्टिनेशन’
साहसिक पर्यटन के लिए मशहूर मर्चूला में एक निजी रिजॉर्ट में रुके पर्यटकों ने विवाह की रस्मों के लिए नदियों के संगम स्थल को चुना। विडंबना यह रही कि यह स्थल आसपास के कई ग्रामीणों का वर्षों पुराना अंत्येष्टि स्थल है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि जहाँ दाह संस्कार किए जाते हैं, ठीक उसी स्थान पर शानदार सजावट के बीच जयमाला की रस्म निभाई गई।
सोशल मीडिया पर तीखी आलोचना
इंटरनेट मीडिया पर इस घटना की कड़ी निंदा हो रही है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या वेडिंग डेस्टिनेशन के नाम पर पहाड़ की मान्यताओं और परंपराओं को इस कदर तोड़ा जाएगा?
-
सामाजिक कार्यकर्ता परम कांडपाल ने कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि श्मशान घाट पर जयमाला कार्यक्रम बर्दाश्त करने योग्य नहीं है। उन्होंने रिजॉर्ट संचालकों को अपनी मर्यादा में रहने की चेतावनी दी है।
-
स्थानीय निवासी अंकित रावत ने सवाल उठाया कि आखिर अंत्येष्टि स्थल पर वैवाहिक कार्यक्रम की अनुमति किसने दी?
प्रशासन सख्त, रिजॉर्ट संचालक पर गिरेगी गाज
इस पूरे मामले में प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। तहसीलदार आबिद अली ने घटना पर हैरानी जताते हुए कहा:
“किसी भी सार्वजनिक स्थान पर समारोह के लिए प्रशासनिक अनुमति अनिवार्य है। श्मशान घाट जैसे संवेदनशील और पवित्र स्थल पर जयमाला की रस्म किया जाना गंभीर मामला है। रिजॉर्ट संचालक के खिलाफ जांच की जा रही है और नियमों के उल्लंघन पर भारी चालान काटा जाएगा।”
रिजॉर्ट प्रबंधक की सफाई
वहीं, रिजॉर्ट के प्रबंधक राकेश शर्मा का कहना है कि उन्होंने पार्टी को स्थान के बारे में सूचित किया था, लेकिन मेहमानों को वही लोकेशन पसंद आ गई और उन्होंने वहीं रस्म निभाने की जिद की। हालांकि, स्थानीय लोग प्रबंधक की इस दलील को गैर-जिम्मेदाराना मान रहे हैं।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

