लालकुआं-बेंगलुरु स्पेशल ट्रेन बनी नियमित ‘एक्सप्रेस’: 19 सितंबर से दौड़ेगी नए नंबर के साथ, यात्रियों को मिली बड़ी सौगात

खबर शेयर करें -

लालकुआं। उत्तराखंड से दक्षिण भारत की ओर यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के लिए पूर्वोत्तर रेलवे ने एक बड़ी सौगात दी है। रेलवे प्रशासन ने ट्रेन संख्या 05074/05073 लालकुआं-क्रांतिवीर संगोल्ली रायण्णा (बेंगलुरु सिटी)-लालकुआं साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को अब स्थायी (नियमित) एक्सप्रेस ट्रेन के रूप में चलाने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब यह ट्रेन अपने नए गाड़ी संख्या 15302/15301 लालकुआं-बेंगलुरु साप्ताहिक एक्सप्रेस के रूप में पटरियों पर दौड़ेगी।
40 से अधिक प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव, 7 राज्यों से मजबूत होगा रेल संपर्क
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) सुमित कुमार ने बताया कि इस ट्रेन के नियमित संचालन से उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के बीच सीधा और सुगम रेल संपर्क स्थापित होगा।
यह ट्रेन अपने मार्ग में किच्छा, बहेड़ी, भोजीपुरा, इज्जत नगर, बरेली सिटी, बरेली जंक्शन, बदायूं, कासगंज, हाथरस सिटी, मथुरा, आगरा कैंट, ग्वालियर, झांसी, बीना, रानी कमलापति (भोपाल), इटारसी, बैतूल, नागपुर, सेवाग्राम, चंद्रपुर, बल्हारशाह, वारंगल, विजयवाड़ा, रेणिगुंटा, काटपाडी, जोलारपेट्टै, कुप्पम, बंगारपेट, कृष्णराजपुरम और बेंगलुरु कैंट सहित 40 से अधिक प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।
समय-सारणी और संचालन के दिन
  • गाड़ी संख्या 15302 (लालकुआं से बेंगलुरु): 19 सितंबर से प्रत्येक शनिवार शाम 5:45 बजे लालकुआं से प्रस्थान करेगी और तीसरे दिन दोपहर 3:25 बजे बेंगलुरु पहुंचेगी।
  • गाड़ी संख्या 15301 (बेंगलुरु से लालकुआं): 22 सितंबर से प्रत्येक मंगलवार सुबह 7:15 बजे बेंगलुरु से रवाना होगी और तीसरे दिन सुबह 9:05 बजे लालकुआं पहुंचेगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए लगेंगे 18 आधुनिक एलएचबी कोच
ट्रेन में यात्रियों की आरामदायक और सुरक्षित यात्रा के लिए 18 आधुनिक एलएचबी (LHB) कोच लगाए जाएंगे। कोचों का संयोजन इस प्रकार रहेगा:
  • वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी (2nd AC): 1 कोच
  • वातानुकूलित तृतीय श्रेणी (3rd AC): 3 कोच
  • वातानुकूलित तृतीय इकोनॉमी (3rd Economy): 2 कोच
  • शयनयान श्रेणी (Sleeper): 6 कोच
  • सामान्य द्वितीय श्रेणी (General Unreserved): 4 कोच
  • जनरेटर सह लगेज यान: 1 कोच
  • एलएसएलआरडी (LSLRD): 1 कोच
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: 13 वर्षीय छात्रा से छेड़छाड़ का विरोध करने पर दबंगों ने पिता और चाचा को पीटा; सिर में लगी गंभीर चोट, मामला दर्ज