उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा 2027: हाईस्कूल व इंटर के ऑनलाइन आवेदन में संशोधन का अंतिम मौका, 22 से 26 सितंबर तक खुलेगा पोर्टल
रामनगर। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद रामनगर ने वर्ष 2027 में आयोजित होने वाली हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं के संस्थागत (रेगुलर) व व्यक्तिगत (प्राइवेट) परीक्षार्थियों को अपने ऑनलाइन आवेदन पत्रों में संशोधन का एक अंतिम अवसर प्रदान किया है। परिषद के सचिव की ओर से प्रदेश के सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को भेजे गए निर्देश के अनुसार, विद्यालयों द्वारा आवेदन पत्र अंतिम रूप से जमा किए जा चुके हैं। इसके बावजूद कई विद्यालयों द्वारा छात्र व स्कूल से संबंधित विवरणों में त्रुटि सुधार की मांग की जा रही थी, जिसे ध्यान में रखते हुए परिषद ने पोर्टल को सीमित समय के लिए दोबारा खोलने का निर्णय लिया है।
26 सितंबर की मध्यरात्रि तक कर सकेंगे सुधार, फोटो और हस्ताक्षर में बदलाव की अनुमति नहीं
परिषद द्वारा जारी समय-सारणी के अनुसार संशोधन पोर्टल 22 सितंबर 2026 की सुबह 10 बजे से लेकर 26 सितंबर 2026 की मध्यरात्रि तक खुला रहेगा। इस अवधि में विद्यालय प्रशासन छात्र के नाम, विद्यालय का नाम व प्रकार, परीक्षा का माध्यम, जाति, विषय और अन्य संबंधित प्रविष्टियों में आवश्यक संशोधन कर सकेंगे। हालांकि परिषद ने स्पष्ट किया है कि छात्र-छात्राओं के फोटो और हस्ताक्षर (सॉफ़्ट कॉपी) में किसी भी प्रकार का बदलाव नहीं किया जा सकेगा। परिषद ने सभी विद्यालयों को हिदायत दी है कि वे निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी जानकारियों की पुनर्जांच कर लें, क्योंकि इसी आंकड़े के आधार पर वर्ष 2027 के बोर्ड परीक्षा दस्तावेज तैयार किए जाएंगे।

