उत्तराखंड में लगातार दूसरे दिन बड़ा प्रशासनिक फेरबदल; 24 पीसीएस अधिकारियों के तबादले, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर के कई एसडीएम बदले

देहरादून। उत्तराखंड शासन में प्रशासनिक फेरबदल का सिलसिला लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। प्रदेश सरकार ने गुरुवार को एक और बड़ी तबादला सूची जारी करते हुए 24 प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। इस फेरबदल का सबसे ज्यादा असर उपजिलाधिकारी (SDM) स्तर पर देखने को मिला है, जिसमें विशेष रूप से नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जनपदों में तैनात कई अधिकारियों को इधर से उधर किया गया है।
नैनीताल और ऊधमसिंह नगर के कई उपजिलाधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
शासन द्वारा जारी तबादला आदेश के अनुसार, ऊधमसिंह नगर जिले में तैनात तेजतर्रार एसडीएम तुषार सैनी का तबादला नैनीताल जिले में किया गया है। वहीं, नैनीताल में तैनात एसडीएम नवाजिश खलीक को नई जिम्मेदारी देते हुए अल्मोड़ा भेजा गया है। इसके अलावा नैनीताल जिले में अपनी सेवाएं दे रहीं एसडीएम रेखा कोहली का स्थानांतरण ऊधमसिंह नगर जिले के लिए किया गया है।
तबादला सूची में ऊधमसिंह नगर के अन्य अधिकारियों को भी कुमाऊं के महत्वपूर्ण जिलों में समायोजित किया गया है। इसके तहत ऊधमसिंह नगर में तैनात पीसीएस अधिकारी गौरव पांडे, अमृता शर्मा और शिप्रा जोशी को भी स्थानांतरित कर नैनीताल जिले में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रदेश की नौकरशाही में लगातार दूसरे दिन हुए इस व्यापक फेरबदल को प्रशासनिक कार्यप्रणाली में कसावट लाने और जनहित के कार्यों को गति देने की दिशा में सरकार के एक अहम कदम के रूप में देखा जा रहा है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

