पंतनगर: नगला पैदल रास्ता खोलने और अंडरपास निर्माण की मांग पर फूटा गुस्सा; विधायक तिलकराज बेहड़ ने ग्रामीणों संग स्टेशन पर दिया धरना, डीआरएम के लिए स्टेशन अधीक्षक को सौंपी चूड़ियां

खबर शेयर करें -
पंतनगर (ऊधमसिंह नगर)। पंतनगर रेलवे स्टेशन के समीप बंद पड़े नगला पैदल रास्ते को खुलवाने और अंडरपास निर्माण की मांग पर रेलवे प्रशासन की कथित टाल-मटोल के खिलाफ गुरुवार को किच्छा विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री तिलकराज बेहड़ ने ग्रामीणों के साथ मोर्चा खोल दिया। नगला, जवाहर नगर, बिंदुखत्ता और शांतिपुरी क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों ने विधायक के नेतृत्व में पंतनगर रेलवे स्टेशन पहुंचकर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने स्टेशन अधीक्षक को चूड़ियां भेंट कर उन्हें बरेली मंडल के डीआरएम (DRM) को भिजवाने को कहा और मांगें पूरी न होने पर 26 नवंबर से अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी दी।

महिलाओं की सुरक्षा और दुर्घटना के खतरे को लेकर जताया कड़ा विरोध

धरना-प्रदर्शन के दौरान विधायक तिलकराज बेहड़ ने स्टेशन अधीक्षक और आरपीएफ इंस्पेक्टर से कहा कि वे इन चूड़ियों को ट्रेन के माध्यम से बरेली स्थित डीआरएम कार्यालय तक पहुंचा दें, ताकि उच्चाधिकारियों को क्षेत्र की माताओं-बहनों की पीड़ा का एहसास हो सके। उन्होंने आरोप लगाया कि रेलवे के अधिकारी आम जनता के सम्मान और सुरक्षा के लिए भी रास्ता देने को तैयार नहीं हैं।
विधायक ने नाराजगी जताते हुए कहा कि दूसरी बार आंदोलन किए जाने के बावजूद डीआरएम ने वार्ता के लिए किसी जिम्मेदार अधिकारी को मौके पर नहीं भेजा, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की महिलाएं रोजाना सिर पर घास का बोझ लेकर जान जोखिम में डालते हुए रेलवे लाइन पार करने को मजबूर हैं। क्रॉसिंग पर घंटों ट्रेनें खड़ी रहने के कारण हर वक्त बड़े हादसे का खतरा मंडराता रहता है, लेकिन रेलवे प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कोई सुनवाई नहीं कर रहा है।

रेलवे को 14 दिन का अल्टीमेटम, 26 नवंबर से अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी

विधायक तिलकराज बेहड़ ने रेलवे प्रशासन को 14 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि नगला और किच्छा में अंडरपास निर्माण से जुड़ी सभी प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी कर जिलाधिकारी ऊधमसिंह नगर द्वारा रेलवे को भेजी जा चुकी हैं, इसके बावजूद धरातल पर काम शुरू नहीं हो पा रहा है।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि 24 नवंबर तक पैदल रास्ते की स्वीकृति का पत्र जारी नहीं किया गया, तो 25 नवंबर को जिलाधिकारी कार्यालय पर 24 घंटे का धरना दिया जाएगा। यदि इसके बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो 26 नवंबर से आंदोलन को अनिश्चितकालीन कर दिया जाएगा। बेहड़ ने दो टूक कहा कि वे जनता के हक की इस लड़ाई से पीछे नहीं हटेंगे और जब तक जायज रास्ता व अंडरपास नहीं मिल जाता, संघर्ष जारी रहेगा।
इस प्रदर्शन में किच्छा नगर पालिका अध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, हरिओम चौहान, जनार्दन सिंह, ललित कांडपाल, कैलाश जोशी, गोविंद सिंह बिष्ट, प्रभा लोहनी, गीता देवी, जानकी देवी, जुबैर खान, मनोहर बाल्मीकि समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में लगातार दूसरे दिन बड़ा प्रशासनिक फेरबदल; 24 पीसीएस अधिकारियों के तबादले, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर के कई एसडीएम बदले
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल: भाजपा नेत्री कमला आर्या ने नैनीताल विधानसभा सीट से ठोकी दावेदारी; कहा- पार्टी जिसे भी देगी टिकट, पूरी निष्ठा से करेंगी समर्थन