भैयादूज मनाकर लौट रही मां-बेटी और चालक की खाई में गिरने से दर्दनाक मौत; 300 मीटर गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त हुआ मैक्स वाहन, क्षेत्र में मातम

पनुवानौला (अल्मोड़ा)। अल्मोड़ा जिले के धौलछीना क्षेत्र के अंतर्गत पनुवानौला के पास एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। भैयादूज का त्योहार मनाकर घर लौट रही मां-बेटी और वाहन चालक की लगभग 300 मीटर गहरी खाई में मैक्स वाहन गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा बुधवार देर रात हुआ, लेकिन रातभर किसी को इसकी भनक नहीं लगी। गुरुवार सुबह करीब 10 घंटे बाद घटना की जानकारी मिलने पर पूरे क्षेत्र में कोहराम मच गया और शोक की लहर दौड़ गई।
भैयादूज मनाकर मायके से लौट रहे थे, घर से महज आधा किलोमीटर पहले हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भैंसियाछाना ब्लॉक के हरड़ा निवासी 48 वर्षीय बसंती गैड़ा अपनी 15 वर्षीय पुत्री अंजलि के साथ भैयादूज का त्योहार मनाने अपने मायके बुगली (पिथौरागढ़) गई थीं। बुधवार देर शाम वे चालक हयात सिंह (28, पुत्र स्व. शेर सिंह, निवासी न्योली) के साथ मैक्स वाहन (संख्या UK-01-TA-1299) में बैठकर अपने घर लौट रही थीं।
अभी उनका वाहन घर से महज आधा किलोमीटर पहले हरड़ा गांव के समीप बंदीखोला मंदिर के पास पहुंचा ही था कि अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पैराफिट को तोड़ते हुए करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और वाहन में सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
दूसरे मकान में सोने की आशंका के कारण रातभर नहीं चली तलाश
मृतका बसंती गैड़ा के दो मकान हैं। बुधवार रात जब वे तय समय पर घर नहीं पहुंचीं, तो उनके पति और पुत्र को लगा कि वे संभवतः उनके दूसरे वाले मकान में जाकर सो गई होंगी। इसी गलतफहमी और आशंका के चलते रातभर उनकी खोजबीन नहीं की जा सकी।
गुरुवार सुबह तक जब उनका कुछ पता नहीं चला और वे घर नहीं लौटीं, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान सुबह के वक्त सड़क से गुजर रहे एक स्थानीय दुकानदार विनोद जोशी की नजर खाई में पड़े क्षतिग्रस्त वाहन पर पड़ी, जिसके बाद पुलिस और ग्रामीणों को हादसे की सूचना दी गई। धौलछीना पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद खाई से तीनों शवों को बाहर निकाला।
हादसे के कारण और पोस्टमार्टम प्रक्रिया
पुलिस और स्थानीय लोगों का अनुमान है कि तेज रफ्तार या झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित हुआ होगा। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि घटनास्थल पर क्रस बैरियर लगे होते, तो शायद यह बड़ा हादसा टल सकता था।
हादसे में जान गंवाने वाले चालक हयात सिंह घर में अकेले रहते थे, जिनके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था, जबकि उनका भाई बाहर निजी कंपनी में नौकरी करता है। घटना के बाद परिजनों की मांग पर प्रशासन द्वारा पनुवानौला स्थित अस्पताल में ही तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। इस मर्माहत करने वाली घटना पर विभिन्न जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

