भजन संध्या और आकर्षक झांकियां रहेंगी मुख्य आकर्षण, श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह
राजू अनेजा,काशीपुर। काशीपुर में श्रद्धा और भक्ति का संगम एक बार फिर देखने को मिलेगा,जब श्री दुर्गा मंदिर में आगामी 5 मई को वार्षिक उत्सव पूरे भव्य और दिव्य स्वरूप में आयोजित किया जाएगा। इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर को भव्य सजावट और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाकर मां दुर्गा का अलौकिक दरबार सजाया जाएगा, जहां श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ने की पूरी संभावना है।
उत्सव के मुख्य आकर्षण के रूप में श्री दुर्गा जागरण मंडली द्वारा माता की चौकी का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस दौरान दूर-दराज से आने वाले प्रसिद्ध भजन गायक मां के मधुर, मनमोहक और भाव-विभोर कर देने वाले भजनों की प्रस्तुति देंगे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिरस में डूब जाएगा। भजन संध्या में श्रद्धालु झूमते-गाते मां का गुणगान करेंगे और माता रानी से सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना करेंगे।
कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भव्य झांकियां भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी, जो धार्मिक कथाओं और देवी महिमा को जीवंत रूप में प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर देंगी।
उत्सव के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे।
प्रमुख समाजसेवी सुरेंद्र छबड़ा ने श्रद्धालुओं से भावपूर्ण अपील करते हुए कहा कि “मां की चौकी केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि आत्मिक शांति, श्रद्धा और भक्ति से जुड़ने का एक दिव्य अवसर है।” उन्होंने सभी धर्मप्रेमी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस भव्य आयोजन का हिस्सा बनने, मां के भजनों का रसास्वादन करने और भंडारे का प्रसाद ग्रहण करने का आग्रह किया।
इधर, मंदिर समिति द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। फूलों की सजी आकर्षक सजावट, मनमोहक रोशनी और भक्ति की गूंज के बीच यह उत्सव शहर में एक अलग ही आध्यात्मिक माहौल रचने को तैयार है।


