दुष्कर्म के बाद गर्भवती हुई विधवा, एसपी के आदेश पर पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट

असमोली थाना क्षेत्र में प्लॉट के रुपये वापस दिलाने का झांसा देकर झोलाछाप ने विधवा महिला को क्लीनिक पर बुलाकर दुष्कर्म किया। आरोपी ने पीड़िता का मोबाइल भी तोड़ दिया। दुष्कर्म के बाद पीड़िता गर्भवती हो गई।
थाने पहुंचने पर पुलिस ने पीड़िता को टरका दिया। पीड़िता ने एसपी को शिकायती पत्र देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई को लेकर गुहार लगाई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
थानाक्षेत्र के गांव शहबाजपुरा में गुले हसन निवासी धकतोड़ा क्लीनिक चलाता है। पीड़िता के पति ने करीब चार महीने पहले प्लॉट खरीदा था, लेकिन पीड़िता के पति की मौत हो गई। झोलाछाप ने विधवा को रुपये वापस दिलाने का झांसा देकर क्लीनिक पर बुला लिया। करीब ढाई महीने पहले झोलाछाप ने विधवा महिला के साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने पीड़िता का मोबाइल भी तोड़ दिया। घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। डरी सहमी पीड़िता ने परिजनों को घटना के बारे में नहीं बताया। इसी बीच पीड़िता गर्भवती हो गई।
आरोपी पीड़िता को धमकाकर गर्भपात कराने का दबाव बना रहा था। पीड़िता आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के लिए आठ अगस्त को थाने पहुंची, लेकिन पुलिस ने जांच करने की बात कहकर पीड़िता को टरका दिया। पीड़िता रविवार को पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह गुनावत से मिली और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि आरोपी गुले हसन निवासी धकतोड़ा को मनोटा यात्री शेड के पास से गिरफ्तार कर चालान कर दिया।

