बुली बाई ऐप मामले में रुद्रपुर की युवती गिरफ्तार, महिलाओं की बोली लगाई जा रही थी इस ऐप में
रुद्रपुर/देहरादून: बुली बाई ऐप मामले में मुंबई पुलिस ने उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जिले के जिला मुख्यालय रुद्रपुर से एक युवती को गिरफ्तार किया है. युवती को उधमसिंह नगर जिले की स्थानीय कोर्ट में पेश किया गया. मुंबई पुलिस ने युवती को ट्रांजिट रिमांड ले जाने की अर्जी कोर्ट में लगाई थी, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया था. इसके बाद महाराष्ट्र पुलिस पांच दिन की ट्रांजिट रिमांड पर आरोपी को लेकर मुंबई पहुंच गई है.

इस मामले में एसपी सिटी ममता बोहरा ने बताया कि मुंबई पुलिस ने बुली बाई ऐप को लेकर रुद्रपुर पुलिस से संपर्क किया था. रुद्रपुर के वॉर्ड नंबर-14 आदर्श कॉलोनी में रहने वाली युवती का संपर्क बेंगलुरु से गिरफ्तार किए गए 21 साल के आरोपी विशाल कुमार से था. विशाल कुमार को दो दिन पहले ही मुंबई पुलिस से बेंगलुरु से बुली बाई ऐप मामले में गिरफ्तार कर चुकी है.
मुख्य आरोपी युवती रुद्रपुर से गिरफ्तार.
एसपी सिटी ममता बोहरा के मुताबिक आरोपी युवती ‘जट खालसा 7’ नाम से अकाउंट संचालित कर रही थी, जिससे कई फोटो शेयर की गईं थीं. एसपी सिटी ममता बोहरा के अनुसार लड़की ने पुलिस को बताया कि जहां से बुली बाई ऐप का अकाउंट जनरेट हुआ है, वह उसके भी संपर्क में थी और बेंगलुरु से गिरफ्तार विशाल कुमार से भी उसकी बातचीत होती थी.
युवती ने हाल ही में 12वीं पास की है. पुलिस की तरफ से जो जानकारी मिली है कि उसके मुताबिक उसकी कुछ दिनों पहले नेपाली लड़के Giyou से दोस्ती हुई थी. उसी ने युवती को अपना टि्वटर अकाउंट छोड़ने की बात कहकर फेक अकाउंट (doc.acct) बनाने को कहा था. साथ ही उससे उसका लॉगइन आईडी मांगा था. इसके बाद लड़की ने infinitude07 ट्विटर अकाउंट को परिवर्तित कर ZATTkhalsa7 नाम से नया अकाउंट बनाया था. उसी अकाउंट के जरिए Bulli bai app पर मुस्लिम महिलाओं की फोटो डाली गई.
मुंबई पुलिस साइबर सेल के डीसीपी के मुताबिक दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. साइबर सेल के डीसीपी के मुताबिक बुली बाई पर पत्रकारों सहित 100 प्रमुख मुस्लिम महिलाओं की तस्वीरें नीलामी के लिए अपलोड की गईं थीं. शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने शनिवार को मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र के गृह एवं सूचना एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री सतेज पाटिल में ‘बुली बाई’ ऐप को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी.
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

